बर्फीली हवा से जनजीवन प्रभावित
लगातार बर्फीली हवा बहने के चलते जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
नवादा। लगातार बर्फीली हवा बहने के चलते जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। धूप निकलने के बावजूद कनकनी से राहत नहीं मिल रही है। तापमान में कमी दर्ज होने के चलते ठंड से निजात नहीं मिल रही है। अगले दो-तीन दिनों तक कनकनी से राहत मिलने का आसार नहीं दिख रहा है। कड़ाके की ठंड के चलते लोगों को काफी परेशानी हो रही है। आमजनों के साथ ही पशु-पक्षी भी हलकान हैं। ठंड से बचाव को लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से जिलेवासी ठंड की मार झेल रहे हैं। कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बाजार में देर से दुकानें खुल रही हैं। वहीं खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भी कम संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। शाम ढलते ही बाजार में सन्नाटा पसरने लगा है। ठंड के कारण घरेलू कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। स्कूलों में छुट्टी होने से बच्चों को राहत मिली है। तापमान में गिरावट के चलते लोग बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं। सरकारी व निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। बुखार, सर्दी, खांसी आदि से लोग पीड़ित हो रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चों को निमोनिया भी सता रहा है। हृदय रोगियों के लिए यह मौसम कष्टदायक साबित हो रहा है।