डोला गांव को जाने वाली संपर्क पथ हुआ जर्जर
नवादा। प्रखंड मुख्यालय के डोला गांव को जाने वाली संपर्क पथ बिल्कुल जर्जर हो गया है। सड़क पर चलना भी लोगों के लिए दुश्वार हो गया है।
नवादा। प्रखंड मुख्यालय के डोला गांव को जाने वाली संपर्क पथ बिल्कुल जर्जर हो गया है। सड़क पर चलना भी लोगों के लिए दुश्वार हो गया है। उक्त संपर्क पथ पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिसके कारण आए दिन छोटी बड़ी दुर्घटनाएं भी हो जाया करती है। इसी संपर्क पथ पर आधा दर्जन से ज्यादा दुर्घटना हो चुकी है, जिसमें दर्जनभर से ज्यादा लोग जख्मी भी हुए हैं। बावजूद आज तक उक्त संपर्क पथ के निर्माण के लिए ना तो कोई जनप्रतिनिधि आवाज उठा रहे हैं और ना ही कोई अधिकारी। जिसके कारण जर्जर पथ से लोगों को गुजरना मजबूरी बन कर रह गया है। ग्रामीण बताते हैं कि पकरीबरावां मुख्यालय से गांव की दूरी मात्र 3 किलोमीटर है। इस 3 किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को लगभग आधे घंटे लग जाते हैं। ऐसे हालात में संपर्क पथ की मरम्मति किया जाना अति आवश्यक हो गया है। गौर करने की बात तो यह है कि जब कभी गांव में देर रात्रि को किसी की तबीयत बिगड़ती है तो लोगों को इस संपर्क पथ से गुजरने में भय लगता है। सबसे ज्यादा परेशानियां गांव की गर्भवती महिलाओं एवं रोगियों को उठानी पड़ रही है। फिर भी इस संपर्क पथ के निर्माण के लिए कोई सुध लेने वाला भी नहीं है। गांव के कई प्रबुद्ध नागरिकों अर्जुन पासवान, सोमर पासवान, सुनील कुमार, सुनील कुमार यादव, रंजीत कुमार सहित कई अन्य ने संपर्क पथ का निर्माण कराने की गुहार जिलाधिकारी से लगाई है।