नक्सलियों की चहलकदमी के बाद पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
झारखंड की सीमा से करीब 20 की संख्या में हार्ड कोर नक्सलियों के प्रवेश की गुप्त सूचना।
नवादा। झारखंड की सीमा से करीब 20 की संख्या में हार्ड कोर नक्सलियों के प्रवेश की गुप्त सूचना मिलते ही सिरदला थाना पुलिस कि नींद उड़ गई। इसके बाद सोमवार को थानाध्यक्ष राजकुमार ने एसएसबी के दर्जनों जवानों के साथ सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह करीब छ: बजे से ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब नौ घंटे तक जंगल के चप्पे-चप्पे को खंगाला गया, लेकिन नकस्लियों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस वापस लौट आई।
बताया जाता है कि झारखंड के कोडरमा जिला के सीमाई इलाका से नक्सलियों ने प्रवेश किया था। सिरदला थाना क्षेत्र के क्लोंदी जंगल में शनिवार कि देर रात में ही सभी पहुंच गए थे। ररिवार को सूचना मिलने के बाद सोमवार की सुबह से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान मढ़ी, क्लौंदी, सीमराटांड़, अमघट, तेलनी, नुनफर, चरकी, थमकोल, पोखरिया कोल, धावटां आदि जंगलों की तलाशी ली गई। लेकिन कहीं भी नक्सलियों के ठहराव की जानकारी नहीं मिली। थानाध्यक्ष ने बताया कि छापेमारी से पूर्व से ही सारे नक्सली पुन: झारखंड की सीमा में प्रवेश कर गया।
बताते चलें कि ठंड के मौसम में अक्सर नक्सली सिरदला के जंगल में प्रवेश करते हैं। गत वर्ष 8 मार्च को चार हार्डकोर नक्सली को सीआरपी एफ के जवानों ने मुठभेड़ में मार गिराया था। जिसके बाद से नक्सलियों की गतिविधियों सिरदला थाना इलाके में थम गई थी। वैसे, टीपीसी के लोग जंगल में सक्रिय थे। पुन: करीब डेढ़ वर्ष के बाद नक्सलियों का जत्था सिरदला इलाके में प्रवेश किया। उनका मकसद संगठन को मजबूत बनाना बताया जा रहा है।