विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी को राखी भेजकर चर्चा में आई 5 साल की विजया, दिल्ली से बिहार आया जवाबी खत; पढ़कर माता-पिता हुए भावुक

Published: Wed, 30 Sep 2026 09:58 PM (IST)Updated: Wed, 30 Sep 2026 10:42 PM (IST)

5 साल की विजया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रक्षाबंधन पर राखी भेजी थी, जिसके जवाब में उन्हें पीएम की ...और पढ़ें

राखी भेजने की जिद ने पहुंचाया प्रधानमंत्री तक

राखी भेजने की जिद ने पहुंचाया प्रधानमंत्री तक

HighLights

  1. विजया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रक्षाबंधन पर राखी भेजी थी।

  2. प्रधानमंत्री ने विजया को शुभकामनाओं भरा जवाबी पत्र भेजा।

  3. पत्र मिलने से हिसुआ के परिवार और लोग बेहद उत्साहित हैं।

संवाद सूत्र, हिसुआ(नवादा)। रक्षाबंधन पर पांच साल की नन्हीं विजया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी भेजी थी। शायद उसे अंदाजा भी नहीं था कि उसकी भेजी राखी का जवाब प्रधानमंत्री की चिट्ठी के रूप में उसके घर पहुंचेगा। मंगलवार को प्रधानमंत्री की ओर से पत्र मिलने के बाद विजया के परिवार में खुशी का माहौल है। स्वजन के साथ हिसुआ के लोग भी इस पत्र को लेकर उत्साहित हैं।

राखी भेजने की जिद ने पहुंचाया प्रधानमंत्री तक

हिसुआ नगर के काली स्थान निवासी सरकारी शिक्षक सन्नी कुमार की बेटी विजया माडर्न इंटरनेशनल स्कूल में नर्सरी की छात्रा है।

रक्षाबंधन से करीब एक सप्ताह पहले उसने प्रधानमंत्री को राखी भेजने की इच्छा जताई थी। माता-पिता ने बेटी की इच्छा पूरी करने के लिए बाजार से राखी खरीदी और डाक के माध्यम से दिल्ली भेज दी।

नन्हीं विजया के नाम आया प्रधानमंत्री का पत्र

राखी मिलने के बाद प्रधानमंत्री की ओर से विजया को पत्र भेजा गया। पत्र मंगलवार को हिसुआ पहुंचा। प्रधानमंत्री ने पत्र में विजया को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। चिट्ठी मिलने के बाद विजया के माता-पिता काफी खुश हैं।

pm

 

चिट्ठी में महिलाओं की भूमिका का भी जिक्र

प्रधानमंत्री के पत्र में भारत की विकास यात्रा में महिलाओं की भूमिका का उल्लेख किया गया है। पत्र में विजया के प्रयासों और योगदान से बदलते भारत की यात्रा में योगदान देने की उम्मीद जताई गई है। साथ ही उसके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।

बेटी की छोटी-सी इच्छा बनी यादगार पल

विजया के पिता सन्नी कुमार हिसुआ प्रखंड के मध्य विद्यालय बढ़ौना में शिक्षक हैं, जबकि मां अर्चना कुमारी गृहिणी हैं। परिवार के लिए बेटी की ओर से भेजी गई राखी और उसके जवाब में मिली प्रधानमंत्री की चिट्ठी यादगार बन गई है।

माता-पिता का कहना है कि बेटी ने रक्षाबंधन पर राखी भेजने की इच्छा जताई थी और उसका इतना आत्मीय जवाब मिलेगा, इसकी उम्मीद नहीं थी।

हिसुआ में भी चर्चा में आई नन्हीं विजया

प्रधानमंत्री की ओर से पत्र मिलने की जानकारी सामने आने के बाद विजया और उसके परिवार को बधाइयां मिल रही हैं। पांच साल की बच्ची की पहल और उसके नाम आए पत्र ने इस रक्षाबंधन की याद को परिवार के लिए खास बना दिया है।