सड़क हादसे में नीतीश कुमार की मौत: घर में 29 मई को आनी थी बरात, बहन की डोली से पहले सजी भाई की अर्थी
नीतीश कुमार शुक्रवार की सुबह में साइकिल से कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में नारदीगंज से इचुआ सड़क मार्ग पर दलेलपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
संवाद सूत्र, नारदीगंज: नवादा जिले के नारदीगंज थाने क्षेत्र के नंदपुर गांव के एक किशोर की सड़क हादसे में जान चली गई। तीन दिन बाद घर में बरात आनी थी, लेकिन बहन की डोली उठने से पहले ही भाई की अर्थी सजानी पड़ी। खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में कोहराम मचा है। यह हादसा इचुआ सड़क मार्ग पर दलेलपुर गांव के पास हुई।
मृतक की पहचान नंदपुर निवासी राम लखन सिंह के 16 साल के बेटे नीतीश कुमार के तौर पर हुई है। वह नारदीगंज कॉलेज नारदीगंज में 12वीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार शुक्रवार की सुबह में साइकिल से कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में नारदीगंज से इचुआ सड़क मार्ग पर दलेलपुर गांव पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी नारदीगंज में इलाज के लिए पहुंचाया, जहां कार्यरत चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे विम्स पावापुरी रेफर कर दिया। पावापुरी में उपचार के दौरान नीतीश ने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पिता किसान हैं। बता दें कि परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। 22 मई को तिलक कार्यक्रम संपन्न हुआ था। आगामी 29 मई को नालंदा जिले के बेगमपुर गांव से बरात आने वाली थी। खुशी के माहौल में बेटे नीतीश का दुनिया से जाना बेहद हृदय विदारक है।