Nawada: पकरीबरावां पिंडपड़वा में करंट से युवक की मौत, घर के बाहर लगा रहा था लाइट, पर्व की ख़ुशी मातम में बदली
लक्ष्मण चौहान घर के बाहर लाइट लगा रहा था। इसी बीच नंगे तार के संपर्क में आ गया और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजनों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संवाद सूत्र, पकरीबरावां (नवादा)। पकरीबरावां थाना क्षेत्र के पिंडपड़वा गांव में शनिवार को करंट से युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि पिंडपड़वा गांव निवासी स्व. मुन्नीलाल चौहान के 36 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण चौहान घर के बाहर लाइट लगा रहा था। इसी बीच नंगे तार के संपर्क में आ गया और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजनों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दीपावली को लेकर सजावट के लिए लाइट लगा रहा था। इसी बीच वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। उसका सिर भी फट गया।युवक की मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। धनतेरस एवं दीपावली की खुशियां गम में बदल गई। इस घटना से हर कोई मर्माहत है।
घर का कमाऊ सदस्य था युवक
ग्रामीणों ने बताया कि युवक अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवक की 4 पुत्री एवं 1 पुत्र है। पांचों बच्चों से पिता का साया उठ गया। पत्नी कुंती देवी का रो- रोकर बुरा हाल है। माता सोमरी देवी की भी आंखों से आंसू नहीं रुक रहे हैं। इधर, घटना की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार एवं पकरीबरावां पुलिस अस्पताल पहुंची। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। मृतक के आश्रित को परिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपए चेक प्रदान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया है।