नवादा में पोती से छेड़खानी का विरोध करने पहुंची दादी को कार से कुचला, मौके पर मौत; चालक फरार
नवादा के हिसुआ में पोती से छेड़खानी का विरोध करने पर 60 वर्षीय महिला को कार से कुचल दिया गया, ...और पढ़ें

नवादा में हादसे के बाद सड़क जाम करते लोग। जागरण
HighLights
पोती से छेड़खानी का विरोध करने पर महिला को कुचला।
हिसुआ के तुंगी बाजार के पास हुई दर्दनाक घटना।
पुलिस ने कार जब्त कर चार आरोपियों पर FIR की।
जागरण संवाददाता, नवादा। हिसुआ थाना क्षेत्र के तुंगी बाजार के समीप गुरुवार को पोती के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर 60 वर्षीय महिला को कुचल दिया गया।
हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार सवार लोग फरार हो गए। हुई घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। इस मामले में चार के खिलाफ एफआईआर की गई है।
मृतका की पहचान हिसुआ थाना क्षेत्र के लाटावर गांव निवासी महिला के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
लोगों ने शव को सड़क पर रखकर गया-नवादा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
चोरी की कार जब्त, चालक फरार
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है। सदर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद ने बताया कि कार बरामद कर ली गई है, जबकि उसका चालक फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बरामद कार का नंबर BR-01AH-3553 है। वाहन के चोरी का होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
चार लोगों को नामजद करते हुए आवेदन
घटना के संबंध में स्वजन की ओर से नगर थाना में आवेदन देकर चार लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में सौरभ चौधरी, पिता इनम चौधरी, निवासी तुंगी; विक्की चौधरी, पिता धनंजय चौधरी, निवासी तुंगी; छबिल चौधरी, पिता कृष्ण चौधरी, निवासी जमुआमा तथा चंदन चौधरी, पिता नामालूम, निवासी तुंगी को नामजद किया गया है।
आवेदन में बाजार से लौटने के दौरान पोती के साथ छेड़खानी की कोशिश करने और इसका विरोध करने पर महिला को कार से कुचलने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस आवेदन में लगाए गए आरोपों, घटनास्थल और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोती के साथ बाजार से लौट रही थीं विद्या देवी
स्वजन के अनुसार, बुजुर्ग महिला गुरुवार को अपनी पोती के साथ तुंगी बाजार गई थीं। बाजार से लौटने के दौरान दोनों सड़क किनारे से घर की ओर जा रही थीं।
इसी बीच एक स्विफ्ट कार वहां पहुंची। स्वजन के मुताबिक, कार में सवार लोगों ने पोती के साथ बदसलूकी की कोशिश की।
महिला और उनकी पोती ने इसका विरोध किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कार चालक ने महिला को कार से कुचल दिया।
महिला की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर एसएच-82 को जाम कर दिया।
सड़क जाम की सूचना पर हिसुआ और नारदीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
