Chhath puja 2022: उदीयमान सूर्य को अर्घ्यदान के साथ ही छठ महापर्व संपन्न, पकरीबरांवा में ऐसा था दृश्य
पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय के बड़ी तालाब छठ घाट ढोढ़ा छठ घाट उकौड़ा बुधौली समेत प्रखंड के सभी घाटों पर छठ पर्व को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ महापर्व समाप्त हुआ।
संवाद सूत्र, पकरीबरावां (नवादा)। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही लोक आस्था एवं सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन हुआ। उगते सूर्य की उपासना के बाद छठ व्रतियों ने पारण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ा। पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय के बड़ी तालाब छठ घाट, ढोढ़ा छठ घाट, उकौड़ा, बुधौली समेत प्रखंड के सभी घाटों पर छठ पर्व को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
छठी मइया की गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय
छठ व्रती समेत श्रद्धालु अहले सुबह ही छठ घाटों की ओर कूच कर गए ताकि समय पर भगवान सूर्य को अर्घ्य दान किया जा सके। कई व्रती कष्टि देते हुए घाट पहुंचें। इससे पूर्व रविवार की संध्या व्रतियों द्वारा अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया गया। सभी छठ घाटों पर छठी मइया की गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय रहा। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से छठ व्रतियों की सुविधा के लिए शिविर लगाए गए थे।
छठ घाटों पर प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था
लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ के अवसर पर पकरीबरावां के सभी छठ घाटों पर प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। छठ घाटों एवं चयनित मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। धमौल ओपी इलाके के ढोढ़ा छठ घाट पर धमौल ओपी प्रभारी नीरज कुमार, एसआई संतोष कुमार, एएसआई गिरधारी साहनी आदि मुस्तैद रहे। वहीं, पकरीबरावां में एसएचओ शिशुपाल दल- बल के साथ विधि- व्यवस्था कायम रखने में जुटे रहे। एसडीपीओ महेश चौधरी भी इलाके पर नजर बनाए रखे थे। संध्या ढोढ़ा छठ घाट पहुंचें एसडीपीओ ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।