नवादा में जमीन के लालच में खूनी खेल: जायदाद के लिए हैवान बना बेटा, पिता के सिर में दाग दी गोली
नवादा के खालसा ढिबरी गांव में जमीन विवाद को लेकर बड़े बेटे उपेंद्र यादव ने अपने 62 वर्षीय पिता टुनटुन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी।

नवादा में जमीन विवाद में बेटे ने पिता को गोली मारी, मौके पर मौत
HighLights
नवादा में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की।
जमीन बंटवारे को लेकर पिता-पुत्र में विवाद था।
आरोपी बेटा उपेंद्र यादव वारदात के बाद से फरार।
संवाद सूत्र, नवादा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के समाय पंचायत अंतर्गत खालसा ढिबरी गांव में मंगलवार की देर रात पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े बेटे उपेंद्र यादव ने अपने 62 वर्षीय पिता टुनटुन यादव के सिर में गोली मार दी।
गोली लगने से टुनटुन यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित पुत्र मौके से फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
स्थानीय लोग व पुलिस पदाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक टुनटुन यादव के दो पुत्र हैं। छोटा पुत्र बाहर रहकर काम करता है, जबकि बड़ा पुत्र उपेंद्र यादव अपने ससुराल में रहता था।
बताया गया कि परिवार की जमीन का तीन हिस्सों में बंटवारा किया गया था। इसमें एक हिस्सा पिता के पास था और वह गांव में अकेले रहते थे।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
गोली चलने की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीपीओ-2 ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस मामले में एसडीपीओ-2 सुरेश प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद की बात सामने आई है। आरोपित उपेंद्र यादव अपने पिता पर उनके हिस्से की जमीन बेचकर उसे रुपये देने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
मंगलवार की देर रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि उपेंद्र यादव ने हथियार निकालकर अपने पिता के सिर में गोली मार दी।
हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपित उपेंद्र यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी के बाद घटना के कारणों और वारदात की पूरी स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद खालसा ढिबरी गांव में मातम और तनाव का माहौल है।
