विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवादा में महिला की दुष्कर्म-हत्या मामले में पुलिस ने किया खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

Published: Thu, 19 Feb 2026 03:04 PM (GMT+05:30)

नवादा के रोह थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)

HighLights

  1. महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला।

  2. पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार किए।

  3. एक नाबालिग निरुद्ध, हत्या में प्रयुक्त खंती बरामद।

संवाद सूत्र, रोह (नवादा)। रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत समरैठा गांव स्थित सम्हरीगढ़ के डंगरा बधार में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।

घटना में प्रयुक्त खंती (कृषि उपकरण) भी बरामद कर ली गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 फरवरी की रात लगभग 10:30 बजे रोह थाना को सूचना मिली कि समरैठा गांव के बधार में एक महिला की हत्या कर शव फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, गिरफ्तार दिलीप यादव के कपड़े पर रक्त की दाग का भी सैंपल एफएसएल की टीम ने एकत्र किए।

मृतका के परिजनों के आवेदन पर थाना कांड संख्या 59/26 दिनांक 17 फरवरी को बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। टीम को तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स तथा ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। 17 फरवरी को ही तीन आरोपियों दिलीप यादव पिता जवाहर यादव, ग्राम समरैठा और रामस्वरूप राजवंशी पिता स्व. मुसहरी राजवंशी, ग्राम समरैठा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में दोनों ने आपसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की और अपनी संलिप्तता कबूल की। पूछताछ के क्रम में आरोपी ने रेप की बात भी स्वीकार की है, हालांकि पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

इसके अतिरिक्त एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है, जिसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खंती भी बरामद कर ली है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा अन्य संभावित पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी हो रही है।