विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवादा में दूध कारोबारी की पीट-पीटकर हत्‍या; नाली और भूमि विवाद में घटना को द‍िया अंजाम

Published: Tue, 11 Aug 2026 01:25 PM (IST)

नारदीगंज के कहुआरा डीह गांव में मामूली बात पर हुए विवाद में 40 वर्षीय मुकेश सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर ...और पढ़ें

घटनास्‍थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़। जागरण

घटनास्‍थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़। जागरण

HighLights

  1. नारदीगंज में मामूली विवाद पर मुकेश सिंह की हत्या।

  2. पानी निकासी और भूमि विवाद बना हत्या का कारण।

  3. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, नारदीगंज (नवादा)। थाना क्षेत्र के कहुआरा डीह गांव में सोमवार की रात मामूली बात पर हुए विवाद में एक व्‍यक्‍त‍ि की पीट-पीटकर हत्‍या कर दी गई। 

40 वर्षीय मुकेश सिंह की हत्‍या से सनसनी फैल गई। छत पर बनी पानी टंकी के पानी की निकासी और भूमि विवाद को घटना को अंजाम द‍िया गया। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्‍टमार्टम करवाया। मुकेश स‍िंह की मौत के बाद दो छोटे बच्‍चों पर मुसीबत आ गई है, क्‍योंक‍ि उनकी मां मानस‍िक रूप से बीमार हैं।  

रात में बुलाकर ले गए पड़ोसी 

मृतक के 10 वर्षीय बेटे आयुष कुमार ने पुल‍िस को बताया कि उसके पिता सोमवार की शाम नारदीगंज बाजार से दूध बेचकर साइकिल से घर लौटे।

तभी पड़ोसियों ने उन्हें बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया।  वहां लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और लोहे की राॅड से मारा। इसके बाद रात आठ बजे उन्हें अधमरी हालत में घर के पास फेंक द‍िया। 

शोर मचाने पर जब स्वजन दौड़े, तब तक मुकेश की सांसें थम चुकी थीं। घटना की मुख्य वजह पड़ोसियों द्वारा छत पर बने पानी की टंकी का पानी बहाने का विरोध करना बताया जा रहा है।

डायल 112 ने पहुंचकर शांत कराया था व‍िवाद 

स्वजन के अनुसार, मृतक मुकेश सिंह ने नौ अगस्त को ही इस विवाद को लेकर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर शिकायत दर्ज कराई थी।

उस समय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन पड़ोसियों का मनमुटाव खत्म नहीं हुआ और सोमवार की रात उन्होंने इस खूनी वारदात को अंजाम दे दिया। 

मंगलवार की सुबह घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राहुल सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार और एसआई अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

इसके बाद नवादा से पहुंची फोरेंसिक टीम के रंजीत कुमार ने भी बारीकी से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया।