धान रोपते-रोपते मौत ने दी दस्तक, एक साथ 3 मजदूरों पर गिरा ठनका; नवादा खेत में मची चीख-पुकार
नवादा के रजौली में धान रोपनी कर रहे मजदूरों पर ठनका गिरने से तीन की मौत हो गई और एक ...और पढ़ें

खेत से बाहर निकलते ही गिरा तेज ठनका
HighLights
नवादा के रजौली में ठनका गिरने से हादसा।
धान रोपनी कर रहे तीन मजदूरों की मौत।
मृतकों के परिजनों को मिलेगा सरकारी मुआवजा।
संवाद सूत्र, रजौली(नवादा)। नवादा जिले के रजौली प्रखंड की अमावां पश्चिमी पंचायत के वार्ड संख्या पांच स्थित दरियापुर गांव में मंगलवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया। धान की रोपनी कर रहे मजदूरों पर ठनका गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर घायल हो गया। घटना शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
बारिश शुरू होते ही खेत से निकलने लगे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी जिले के सोनवर्षा प्रखंड अंतर्गत मधेशरा गांव से 12 मजदूर धान रोपने के लिए रजौली आए थे।
इनमें आठ मजदूर राजाबिगहा गांव में, जबकि चार मजदूर दरियापुर गांव में मनोज यादव के खेत में धान की रोपनी कर रहे थे। मंगलवार शाम अचानक बादल गरजने के साथ बारिश शुरू हो गई।
खेत से बाहर निकलते ही गिरा तेज ठनका
बारिश शुरू होने के बाद मजदूर खेत से बाहर निकलने लगे। इसी दौरान तेज आवाज के साथ ठनका गिरा और चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
इनमें तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में एक मजदूर घायल हो गया, जिसे बाद में इलाज के लिए ले जाया गया।
18 और 20 वर्षीय युवकों की भी गई जान
ठनका गिरने से मधेशरा गांव निवासी 60 वर्षीय मणि मांझी की मौत हो गई। इसके अलावा इंदल मांझी के 18 वर्षीय पुत्र इंद्रजीत मांझी और रामप्रीत मांझी के 20 वर्षीय पुत्र राजेंद्र मांझी ने भी जान गंवाई। वहीं अशोक मांझी के पुत्र रघुवर कुमार हादसे में बाल-बाल बच गए।
‘तीनों मेरे चाचा और चचेरे भाई’
घटना के बाद रघुवर कुमार ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मजदूर उनके चाचा और चचेरे भाई थे। घटना की सूचना मिलते ही रजौली से दो एंबुलेंस और एएसआई संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे शव
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के स्वजन में चीख-पुकार मची है।
मृतकों के स्वजन को मिलेगा सरकारी मुआवजा
अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत की सूचना मिली है। आपदा प्रबंधन के तहत मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से नियमानुसार आगे की प्रक्रिया की जा रही है।
हादसे से गांव में पसरा मातम
एक साथ तीन मजदूरों की मौत से दरियापुर और मधेशरा गांव में शोक की लहर है। खेत में काम करने गए मजदूरों के परिवारों पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
