अजय के बाद अनुष्का भी गिरफ्तार, नवादा प्रश्नपत्र वायरल मामले में एक्शन; CCTV ने खोला था 10 मिनट का राज
नवादा में गृह रक्षा वाहिनी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में वीक्षक अनुष्का रानी को गोविंदपुर बीआरसी से गिरफ्तार किया गया ...और पढ़ें

अजय के बाद अनुष्का भी गिरफ्तार, नवादा प्रश्नपत्र वायरल मामले में एक्शन (AI Generated Image)
HighLights
गृह रक्षा वाहिनी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तारी।
वीक्षक अनुष्का रानी गोविंदपुर बीआरसी से पकड़ी गईं।
अजय कुमार पहले ही गिरफ्तार, दोनों पर आरोप।
जागरण संवाददाता, नवादा। गृह रक्षा वाहिनी में अधिनायक लिपिक पद की लिखित परीक्षा के प्रश्नपत्र वायरल करने के मामले में आरोपित वीक्षक अनुष्का रानी को बुधवार को गोविंदपुर स्थित बीआरसी से गिरफ्तार किए गया। इस मामले में अजय कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दोनों पर परीक्षा प्रश्नपत्र को अनधिकृत तरीके से बाहर ले जाने और वायरल करने के मामले में नवादा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस ने बताया 10 जून 2026 को द दीक्षा पब्लिक स्कूल, मालगोदाम छाय रोड स्थित परीक्षा केंद्र पर गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक पद के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। केंद्र के कमरा नंबर-15 में वीक्षक के रूप में अनुष्का रानी की प्रतिनियुक्ति थी।
इसी कमरे में अनुपस्थित परीक्षार्थी का प्रश्नपत्र रखा हुआ था। शिकायत में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोप लगाया गया है कि करीब 10:30 बजे अजय कुमार प्रश्न पुस्तिकाओं पर मुहर लगाने के बाद उन्हें अपने साथ ले गए। करीब 10 मिनट बाद वापस कमरे में रख गए।
अजय कुमार की उक्त परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी नहीं लगी थी, फिर भी केंद्राधीक्षक द्वारा उन्हें सहयोग के लिए लगाया गया था। बाद में प्रश्नपत्र की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने की सूचना आयोग को मिली।
स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक की शिकायत पर केंद्राधीक्षक गणेश पासवान, अजय कुमार, वीक्षक अनुष्का रानी समेत अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
नवादा नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि बुधवार को वीक्षक अनुष्का रानी को बीआरसी गोविंदपुर से पकड़ा गया है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
