हाथ में जिंदा सांप दबाए नवादा के अस्पताल पहुंचा युवक, डॉक्टरों ने देखा तो रह गए हैरान; वजह थी बेहद खास
नवादा के सिरपतिया गांव में एक देवर ने अपनी गर्भवती भाभी को सांप के डसने के बाद उसकी जान बचाई। ...और पढ़ें

हाथ में सांप को पकड़े युवक और जख्म दिखाती महिला।
HighLights
देवर ने गर्भवती भाभी को सांप के डसने से बचाया।
सांप को जिंदा पकड़कर अस्पताल ले गया देवर पप्पू।
डॉक्टरों को सांप दिखाकर सही उपचार में मदद की।
संवाद सूत्र, नारदीगंज (नवादा)। नारदीगंज थाना क्षेत्र के डोहरा पंचायत के सिरपतिया गांव में शुक्रवार को एक देवर की सूझबूझ और साहस से उसकी गर्भवती भाभी की जान बच गई।
सांप के डसने के बाद देवर ने उसे जिंदा पकड़ लिया और इलाज के दौरान डॉक्टरों को भी दिखाया, ताकि सांप की पहचान कर सही उपचार किया जा सके।
मिली जानकारी के अनुसार, सिरपतिया गांव निवासी रजनी देवी घर में बैठी थीं। इसी दौरान उन्हें हाथ में कुछ काटने का अहसास हुआ और हल्का दर्द हुआ।
सांप देख मचाया शोर तो पहुंचा देवर
ध्यान से देखने पर पास में सांप दिखाई दिया। रजनी ने शोर मचाया तो घर के बाहर मौजूद उनके देवर पप्पू तुरंत वहां पहुंचे।
पप्पू ने बिना देर किए सांप को जिंदा पकड़ लिया। सांप के डसने के कुछ देर बाद रजनी की तबीयत बिगड़ने लगी। महिला के गर्भवती होने के कारण स्वजन चिंतित हो गए और उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए।
हाथ में जिंदा सांप लेकर पहुंचा अस्पताल
अस्पताल पहुंचने पर पप्पू के हाथ में जिंदा सांप देखकर लोग हैरान रह गए। उसने डॉक्टरों को सांप दिखाया, ताकि उसकी पहचान में मदद मिल सके और महिला को उसी के अनुरूप उपचार दिया जा सके।
डॉक्टरों ने बिना देर किए रजनी का उपचार शुरू किया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
प्राथमिक उपचार के बाद पप्पू ने सांप को एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर दिया। उसका कहना है कि वह सांप को किसी सुरक्षित प्राकृतिक स्थान पर छोड़ देगा। घटना के बाद पप्पू की सूझबूझ और साहस की इलाके में चर्चा हो रही है।
