Nawada: दो बाइक की टक्कर के बाद दो गांव के लोग आपस में भिड़े, करीब एक दर्जन घायल, गांव में तनाव
राजवरिया मोड़ के पास दो बाइक की टक्कर के बाद उपजे विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट की घटना घटी।इस दौरान करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे की है। सदर एसडीओ एवं पकरीबरावां एसडीपीओ विवाद खत्म करने में जुटे हैं।
संवाद सूत्र, पकरीबरावां (नवादा)।पकरीबरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत राजवरिया मोड़ के पास दो बाइक की टक्कर के बाद उपजे विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट की घटना घटी।इस दौरान करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे की है, जहां मामूली सी बात को लेकर थालपोस एवं रजवरिया गांव के लोग आपस में भिड़ गए। घटना के संबंध में बताया जाता है कि नवादा में रहने वाली गिरीश कुमारी दुर्गा पूजा के अवसर पर अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर अपने पैतृक गांव थालपोस जा रही थी। इसी बीच रजवरिया मोड़ के पास उसके बाइक की टक्कर एक अन्य बाइक से हो गई।
टक्कर बाद दोनों बाइक चालकों में कहासुनी
टक्कर बाद दोनों बाइक चालकों में कहासुनी हो गई। विवाद इतने में नहीं थमा। दोनों पक्ष ने अपने-अपने लोगों को फोन कर बुला लिया। दोनों पक्ष के लोगों को पहुंचते ही मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में एक पक्ष के थालपोस के रहने वाले गिरीश कुमारी, शैलेंद्र कुमार, अभिषेक कुमार सहित 5 लोग घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से रजवरिया गांव के बबलू राजवंशी, संजय राजवंशी, सन्नी राजवंशी समेत 5 लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद दोनों गांव में तनाव व्याप्त हो गया। इसकी जानकारी मिलते हुए पकरीबरावां पुलिस मौके पर पहुंची है।
सदर एसडीओ एवं पकरीबरावां एसडीपीओ विवाद खत्म करने में जुटे
विवाद बढ़ता देख सदर एसडीओ उमेश कुमार भारती एवं पकरीबरावां एसडीपीओ महेश चौधरी भी थालपोस गांव पहुंच विवाद को खत्म करने में जुट गए। एसडीपीओ ने बताया कि बाइक की टक्कर के बाद विवाद हुआ था, जिसके बाद थालपोस एवं रजवरिया गांव के लोग भिड़ गए थे। दोनों पक्षों के साथ बैठक कर तनाव को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर पुलिस कैंप कर रही है।