विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ration Card Update: नवादा में 72450 नए राशन कार्ड बनाने का अभियान, तैयार रखें ये दस्तावेज 

Published: Wed, 15 Jul 2026 07:41 PM (GMT+05:30)

नवादा जिले में 72,450 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए पात्र लोग जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं और अन्य माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।

सांकेतिक फोटो

सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. नवादा में 72,450 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य।

  2. पात्र लाभुक जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं से करें आवेदन।

  3. जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज जरूरी।

जागरण संवाददाता, नवादा। नवादा जिले में राशन कार्ड से वंचित या फिर वैसे लोग जिनका नाम किसी कारण से कट गया है और यदि वह इसके लिए पात्रता रखते हैं तो उनके लिए यह अच्छी खबर है।

जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने बताया कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार द्वारा नवादा जिले के लिए 72,450 नए राशन कार्डों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जिले में प्रतिदिन 2,415 नए राशन कार्ड आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन हेतु जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं को प्राधिकृत किया जाएगा, जो अपने-अपने क्षेत्रों के पात्र लाभुकों से संपर्क कर राशन कार्ड निर्माण के लिए आवेदन प्राप्त करेंगे।

इसके साथ ही पंचायत सचिव, टोला सेवक एवं विकास मित्र अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र लाभुकों का राशन कार्ड निर्माण सुनिश्चित कराएंगे। एमओ को अपने इलाके के डीलरों के साथ बैठक कर राशन कार्ड बनाए जाने की जानकारी देने के लिए कहा गया है।

एसडीओ व एमओ नियमित रूप से अभियान की करेंगे मॉनिटरिंग

जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमण्डल पदाधिकारियों एवं सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अभियान का सतत अनुश्रवण एवं नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा है कि विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के पात्र एवं योग्य लाभुकों की पहचान कर नए राशन कार्ड बनवाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

आवेदन के करने के लिए निम्नलिखित दस्तावेजों की जरूरत

-जाति, निवास एवं आय प्रमाण-पत्र की स्व-अभिप्रमाणित प्रति।
-परिवार के मुखिया का स्पष्ट पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो।
-बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति।
-परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की स्पष्ट छायाप्रति।
-आधार से लिंक सक्रिय मोबाइल नंबर।
-सक्रिय ई-मेल आईडी।

प्रखंडवार नए राशन कार्ड निर्माण का लक्ष्य

प्रखंड लक्ष्य
नवादा 12,000
अकबरपुर 9,000
वारिसलीगंज 7,500
रजौली 6,000
पकरीबरावां 5,250
सिरदला 5,250
हिसुआ 4,500
कौआकोल 4,500
रोह 4,200
नारदीगंज 3,750
गोविन्दपुर 3,000
मेसकौर 3,000
नरहट 3,000
काशीचक 1,500