दहेज के लिए रस्सी से गला दबाकर विवाहिता की हत्या
कादिरगंज सहायक थाना क्षेत्र के लोहरपुरा गांव निवासी रंजीत चौधरी की पत्नी कंचन देवी की दहेज की खातिर हत्या कर दी गई।
कादिरगंज सहायक थाना क्षेत्र के लोहरपुरा गांव निवासी रंजीत चौधरी की पत्नी कंचन देवी की दहेज की खातिर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को महिला का शव केजी रेलखंड पर शादीपुर रेलवे गुमटी के समीप एक अर्धनिर्मित मकान से बरामद किया गया। रस्सी से गला दबाकर हत्या की बात कही जा रही है। इस बाबत मृतका के पिता पकरीबरावां थाना क्षेत्र के अटारी गांव निवासी रामाश्रय चौधरी के बयान पर पति रंजीत, ससुर गिरजा चौधरी, सास सुमित्रा देवी सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपित सास को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि अर्धनिर्मित मकान में महिला के शव पर लोगों की नजर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कादिरगंज थाने की पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची और मामले की छानबीन की। मृतका की पहचान होने के बाद उसके मायके से परिजन भी वहां पहुंचे। मृतका के पिता ने बताया कि मार्च 2018 में कंचन की शादी रंजीत के साथ हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद ससुराल वालों ने 5 लाख रुपये, 3 भर सोना तथा एक बाइक की मांग शुरू कर दी। दहेज नहीं देने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। इसे लेकर कई बार सुलह-समझौता भी हुआ, लेकिन ससुराल वाले पंचायत की बात मानने के लिए तैयार नहीं हुए। इसी बीच कंचन प्रताड़ना से उबकर अपने मायके चली आई। 16 सितंबर को रंजीत अटारी पहुंचा और पूर्व में हुए समझौते की बात मानने का भरोसा दिलाते हुए कंचन को लोहरपुरा ले गया। मृतका के चाचा मुकेश चौधरी ने कहा कि गुरुवार की रात रस्सी से गला दबाकर कंचन की हत्या की गई है और घटना को आत्महत्या का रूप देने और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को दूसरे स्थान पर रख दिया गया। थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतका के पिता के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में नामजद मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तार के लिए छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।