शरारती तत्वों ने सड़क निर्माण में लगी पोकलेन मशीन को जलाया
फुलमा-खानपुर सड़क निर्माण कार्य में लगी एक पोकलेन मशीन को शरारती तत्वों ने जला दिया। घटना शनिवार की रात डेरमा गांव के पुल के नजदीक हुई।
फुलमा-खानपुर सड़क निर्माण कार्य में लगी एक पोकलेन मशीन को शरारती तत्वों ने जला दिया। घटना शनिवार की रात डेरमा गांव के पुल के नजदीक हुई। पोकलेन जलाने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के पीछे रंगदारी की मांग बताई जा रही है। निर्माण कंपनी के मुंशी नालंदा जिले के इस्लामपुर निवासी विपुल कुमार के बयान पर थाने में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि जहानाबाद जिले के वारिस कंसट्रक्शन कंपनी द्वारा इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। कंपनी द्वारा पटना-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर छह माइल के पास अपना बेस कैंप बनाया गया था। घटना के वक्त वहां कंपनी का कोई कर्मी मौजूद नहीं था। ऐसे में आग लगाने वाले कितने लोग थे, यह भी साफ नहीं हो सका है।
इस बीच सूचना के बाद रविवार को रजौली एसडीपीओ संजय कुमार, अकबरपुर थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। काम करने वाले कर्मियों से आवश्यक पूछताछ की। आसपास के लोगों से जानकारी ली गई। बाद में हिसुआ विधायक अनिल सिंह भी पहुंचे। कहा कि बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। एसडीपीओ संजय कुमार ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि घटना में जो भी दोषी है उसे बख्शा नहीं जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि निर्माण कंपनी से रंगदारी मांगने की घटना जिले में आम हो गई है। गोविदपुर, रजौली आदि थाना क्षेत्रों में इस प्रकार की घटना पूर्व में हो चुकी है। हालांकि निर्माण कंपनी के कर्मी साफ-साफ कुछ नहीं बता रहे हैं।