पुराने विवाद में युवक को गोली मारी
नगर थाना क्षेत्र के गढ़पर मोहल्ला में पुराने विवाद को लेकर शुक्रवार की शाम अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी।
नवादा। नगर थाना क्षेत्र के गढ़पर मोहल्ला में पुराने विवाद को लेकर शुक्रवार की शाम अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। सिर में गोली लगने से युवक जख्मी हुआ। घटना के बाद पड़ोस के लोगों ने जख्मी हालत में युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। बताया जाता है कि चंदन कुमार गढ़पर मोहल्ला में दयानंद कुमार के मकान में किराए पर रहता है। वह कैटरर का काम करता है। कुछ दिन पूर्व युवक के भाई गोल्डी कुमार के घर में चोरी की घटना हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मोहल्ला के राजू कुमार नाम के एक युवक को चोरी मामले में हिरासत में लिया था। जिसे पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया था। शुक्रवार को राजू अपने एक अन्य सहयोगी के साथ चंदन को सड़क पर जाते देखकर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद अचानक पिस्टल निकालकर गोली मारकर फरार हो गया। इस घटना क्रम में चंदन को सिर में गोली लगी। सदर अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा है। वह खतरे से बाहर बताया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की।