न्याय की गुहार लगा रही थी फरियादी, महिला पुलिस ने जमकर बरपाया 'कहर'
एक महिला न्याय की गुहार लगाती रही और महिला पुलिस ने उसकी पिटाई करते हुए उसे जबरन पुलिस जीप में बैठाकर थाने भेज दिया। महिला के पति और पुत्र की हत्या हो गई थी।
नवादा [जेएनएन]। अपने बेटे और पति के हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के पकरीबरावां बाजार पूरब टोला निवासी वृद्धा मुनगो देवी ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर पुलिस से गुहार लगाई-हुजूर, मेरे पति और बेटे के हत्यारे को गिरफ्तार कीजिए नहीं तो मैं आत्मदाह कर लूंगी।
उसकी इस धमकी के बाद महिला पुलिस बल ने मुनगो देवी की पिटाई की और जबर्दस्ती उससे जीप में बैठाकर थाने भेज दिया। इस दौरान महिला पुलिस और मुनगो देवी में तीखी नोंक-झोंक भी हुई।
पीडि़ता ने बताया कि तीन वर्ष प्रमोद यादव ने उनके पति सुरेश यादव की हत्या कर दी थी। आरोपित ने जमीन भी हड़प ली थी। लेकिन कार्रवाई नहीं होने से जमीन विवाद का कोई हल नहीं निकला। यहां तक कि उसे घर से बेघर कर दिया गया। वह किसी तरह अपने बच्चों के साथ गुजर-बसर कर रही थी।
इसी बीच पिछले बस से अगवा कर पुत्र कृष्णा यादव की हत्या कर दी गई। बस से अगवा होने के चंद मिनटों में ही पुलिस को सूचना दी गई थी। लेकिन पुलिस अपहृत पुत्र को बरामद करने के बजाए इसे झूठा करार देती रही। दामाद रविंद्र यादव को थाना पर बुलाकर अपहरण के मामले के मामले को झूठ बताती रही। अगले दिन पुत्र का शव बरामद हुआ।
वृद्धा ने कहा कि पुलिस ने आरोपित प्रमोद यादव को गिरफ्तार करने और जमीन का रसीद कटवाने में सहयोग का भरोसा दिलाया था। लेकिन आज तक न तो आरोपित को गिरफ्तार किया जा सका है और न ही जमीन की रसीद कटाई गई है।
महिला ने आरोपित को गिरफ्तार करने, उसकी संपत्ति कुर्क करने की मांग की। साथ ही अपने हिस्से की जमीन का मोटेशन अपने नाम पर कराने की मांग की। महिला ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर सपरिवार आत्मदाह कर लेगी।