आहर-पईन बचाओ अभियान में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सम्मानित
आहार-पईन बचाओ अभियान के तहत नवादा जिले के रोह प्रखंड में गांव-गांव पानी पहुंचाने में उल्लेखनीय कार्य करने वाले रजाइन पईन शाखा समिति के अध्यक्ष 74 वर्षीय बुजुर्ग रोह के सिउर गांव के राज किशोर सिंह को शुक्रवार को एसडीओ चंद्रशेखर आजाद ने अपने कार्यालय कक्ष में शॉल व संस्था द्वारा दिए गए 20 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया।
़फोटो-19
संस, रजौली :
नवादा । आहर-पईन बचाओ अभियान के तहत नवादा जिले के रोह प्रखंड में गांव-गांव पानी पहुंचाने में उल्लेखनीय कार्य करने वाले रजाइन पईन शाखा समिति के अध्यक्ष 74 वर्षीय बुजुर्ग रोह के सिउर गांव के राज किशोर सिंह को शुक्रवार को एसडीओ चंद्रशेखर आजाद ने अपने कार्यालय कक्ष में शॉल व संस्था द्वारा दिए गए 20 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। इस मौके पर वर्ष 2008 से ही आहर, पईन बचाओ अभियान में सक्रिय रूप से वर्ष 2008 से ही काम करने वाले अभियान के रोह प्रखंड के सचिव महेंद्र प्रसाद सिंह व प्रखंड के मंडरा पंचायत के पूर्व मुखिया ओमप्रकाश कुशवाहा को भी सम्मानित किया गया। अभियान के राष्ट्रीय संयोजक डॉ एम पी सिन्हा ने संस्था की तरफ से 20 हजार की सहायता राशि दी। एसडीओ चंद्रशेखर आजाद ने बुजुर्ग अध्यक्ष को सम्मानित करते हुए कहा कि नवादा समेत बिहार के 17 जिलों में जल मित्र बन गए हैं। नवादा के रोह प्रखंड के 52 गांवों में आहर, पईन बचाओ अभियान की ओर से गांवों में पानी पहुंचाने का काम चल रहा है। इस अभियान के शुरू होने के बाद भी 74 वर्षीय बुजुर्ग राजकिशोर सिंह ने प्रखंड के गांवों के बेहतर भविष्य के लिए अभियान चलाते हुए अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके पिता रामरूप सिंह भी गांवों के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए काम करते-करते दुनिया से चले गए। पिता के जाने के बाद अब उनके पुत्र ने यह बीड़ा उठाया, जो सराहनीय व उल्लेखनीय है।
राष्ट्रीय संयोजक डॉ एम पी सिन्हा ने कहा कि रोह प्रखंड में कभी एमसीसी का गढ़ कहा जाने वाला गांव चौमुहानी बघोर में भाई-भतीजावाद की नीति अपनाकर अभियान से जुड़े लोगों ने 15 मई से श्रमदान से पईन के पानी को गांवों में पहुंचाने के लिए काम किया। अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने श्रमदान में लगे लोगों के लिए 15 दिनों तक राशन मुहैया कराई। इनके सार्थक प्रयास से रोह प्रखंड के 52 गांवों में से 26 गांवों में पहली बार लाल पानी पहुंची है।
उल्लेखनीय कार्यों के लिए समिति के अध्यक्ष, सचिव के अलावे पूर्व मुखिया समेत आहार पईन बचाओ अभियान के टेक्निकल एडवाइजर सह इंजीनियर परमानंद कुमार को भी एसडीओ ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विदेश में नौकरी छोड़कर अपने देश में बिहार राज्य के नवादा जिले में अपनी तकनीक से गांवों में पानी पहुंचाने के कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई। समिति के अध्यक्ष, सचिव व पूर्व मुखिया को सम्मानित करने के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक ने एसडीओ चंद्रशेखर आजाद को शॉल देकर सम्मानित किया। साथ ही कोरोना महामारी से लोगों के बचाव को लेकर ऑफिस के अधिकारियों व कार्यालय कर्मियों के लिए मास्क और हैंड सैनिटाइजर भी भेंट किया।