मजदूर को अगवा करने के मामले में चार गिरफ्तार
मजदूर को अगवा करने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए लोगों में नारदीगंज थाना क्षेत्र के पनछक्का की सुकून देवी दलेलपुर का मनोज चौहान व अशोक चौहान तथा नवादा के जलालपुर गांव निवासी मुकेश कुमार यादव शामिल है।
संस, रजौली : मजदूर को अगवा करने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए लोगों में नारदीगंज थाना क्षेत्र के पनछक्का की सुकून देवी, दलेलपुर का मनोज चौहान व अशोक चौहान तथा नवादा के जलालपुर गांव निवासी मुकेश कुमार यादव शामिल है। थानाध्यक्ष सुजय विद्यार्थी ने बताया कि अपहृत की बरामदगी के बाद चारों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। जहां अपहृत व उसकी पत्नी से चारों की पहचान कराई गई। अपहृत मजदूर अनिल भारती की पत्नी संगीता देवी के बयान पर चारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि चारों को जेल भेज दिया गया है। छापेमारी टीम में एसआइ फूलन प्रसाद सिंह व जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे। गौरतलब है कि 11 जून को सिरदला थाना क्षेत्र के गोसाय बिगहा पच्चंबा निवासी अनिल भारती व उसकी पत्नी संगीता देवी झारखंड के रामगढ़ से मजदूरी कर घर लौट रहे थे। रजौली में स्टैंड पर बस से उतरने के कुछ देर बाद एक बोलेरो वहां पहुंचा और उसपर सवार लोगों ने दोनों को जबरन गाड़ी में बिठा लिया। इसके बाद दोनों को वे सभी नवादा लेते गए और सछ्वावना चौक के समीप एक मकान में दोनों को रखा। 13 जून को संगीता देवी किसी तरह से वहां से निकल कर भागकर रजौली थाने पहुंची और थानाध्यक्ष को आपबीती सुनाई। जिसके बाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ छापेमारी करने निकल गए और अपहृत मजदूर को बरामद कर लिया। साथ ही चारों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचे।