बिहार: ब्रह्मभोज में मिला विषाक्त भोजन, खाकर बीमार पड़े पांच सौ ग्रामीण
बिहार के नवादा में एक समारोह में विषाक्त भोजन खाने के कारण पांच सौ लोग बीमार पड़ गए। सभी की हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है।
नवादा [जेएनएन]। जिला के कादिरगंज ओपी क्षेत्र के आंती गांव में रविवार की रात आयोजित श्राद्ध के भोज में खाने के बाद पांच सौ लोग बीमार पड़ गए। बीमारों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। तत्काल गांव में ही लोगों का इलाज शुरु कर दिया गया। कई लोगों की हालत बिगडऩे के बाद उन्हें कादिरगंज के निजी अस्पताल और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोमवार की सुबह प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम गांव पहुंची और राजकीय मध्य विद्यालय रानीहट्टी में शिविर लगाकर लोगों का इलाज शुरू किया। फिलहाल अधिकतर लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नशे में धुत डीएसपी ने मचाया बवाल, गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
आंती गांव निवासी सुरेंद्र सिंह की मां के निधन पर रविवार की रात ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया था। भोजन करने के बाद ग्रामीण घर लौट गए। घर में लोगों की तबीयत बिगडऩे लगी और उल्टी-दस्त शुरू हो गई। गांव के करीब पांच सौ लोग बीमार पड़ गए।
लोगों के बीमार होने की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई। इसके बाद गांव के ही ग्रामीण चिकित्सक यशपाल कुमार ने लोगों का इलाज करना शुरू कर दिया। लोगों को स्लाइन चढ़ाया जाने लगा, लेकिन इलाज करते-करते यशपाल खुद बीमार हो गए और उन्हें भी उल्टी-दस्त शुरू हो गई।
कई लोग रात में ही कादिरगंज बाजार पहुंचकर निजी अस्पताल में भर्ती हुए तो कई सदर अस्पताल पहुंचे। एक साथ सौ से अधिक लोगों के सदर अस्पताल में पहुंचने से अफरातफरी मच गई।
सुबह राजकीय मध्य विद्यालय, रानीहट्टी में कैंप लगाया गया। वहां प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, सदर पीएचसी प्रभारी डॉ. अशोक कुमार व पकरीबरावां के चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार मेडिकल टीम के साथ गांव पहुंचे और लोगों को स्लाइन चढ़ाया। प्रभारी सीएस ने कहा कि बीमार लोगों की हालत खतरे से बाहर है। इधर, घटना की सूचना पाकर सदर बीडीओ प्रभाकर ङ्क्षसह आंती गांव पहुंचे और लोगों से हालचाल जाना।