खलिहान में लगी आग धान का पुआल जलकर राख
शुक्रवार को सिरदला थाना क्षेत्र के अब्दुल पंचायत की कदवारा गांव में एक खलिहान में अचानक आग लगने से तीन मजदूर किसान का करीब 18 हजार धान का नेवारी जलकर राख हो गया।
नवादा। शुक्रवार को सिरदला थाना क्षेत्र के अब्दुल पंचायत की कदवारा गांव में एक खलिहान में अचानक आग लगने से तीन मजदूर किसान का करीब 18 हजार धान का नेवारी जलकर राख हो गया। सूचना के बाद सीओ थुइयां उरांव व जमादार कुसुम लाल पासवान सैप बल और मिनी अग्निशमन वाहन लेकर घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मदद से डीजल पंप सेट का सहयोग लेकर आग को बुझाया। इस दौरान कदवारा गांव के सबिता देवी का 12 हजार धान का नेवारी, मुन्नी राजवंशी के चार हजार धान का नेवारी व बिनोद राजवंशी के दो हजार धान का नेवारी जल गया है। जानकारी के बाद अब्दुल पंचायत की मुखिया उमेश राम उर्फ पच्चन, पूर्व मुखिया अभय कुमार, वार्ड सदस्य कुंती देवी, पूर्व वार्ड सदस्य बालेश्वर राजवंशी ने स्थानीय प्रशासन से गरीब मजदूर किसान को क्षतिपूर्ति देने की मांग कह है। बताते चलें कि क्षेत्र में अब तक करीब 15 किसानों की धान का पुंज जलने से परिजनों का साल भर का भोजन छीन गया है। लेकिन अब तक एक भी किसान को राहत कोष से मुआवजा नहीं मिला है। जिससे पीड़ित किसानों में रोष व्याप्त है। सीओ ने बताया कि राजस्व कर्मचारी के द्वारा जांच रिपोर्ट नहीं सौंपने के कारण ही अबतक मुआवजा नहीं दिया जा सका है।