दुष्कर्मियों को महिलाएं सामाजिक तौर पर दंडित करें : गीता सागर
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति का नौवां जिला सम्मेलन मंगलवार को न्यू एरिया स्थित श्रीकृष्ण स्मारक के समीप हुआ।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति का नौवां जिला सम्मेलन मंगलवार को न्यू एरिया स्थित श्रीकृष्ण स्मारक के समीप हुआ। इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में समिति की राज्य महासचिव गीता सागर ने महिलाओं को उनके हक व अधिकार को लेकर जागरूक किया। साथ ही अनेक जगहों पर प्रताड़ित हो रही महिलाओें को उन्हें संगठित होकर अपनी लड़ाई खुद से लड़ने का आह्वान किया। गीता सागर ने कहा कि आए दिन दुष्कर्म का प्रयास, बलात्कार जैसी घृणित घटनाएं होती है। जिससे समूचा समाज शर्मसार होता है। जिस महिला के साथ इस तरह की अमानवीय घटना होती है वह मानसिक व शारीरिक रूप से महीनों, वर्षों तक कुंठित होकर जीवन जीती है। ऐसे में जरूरत है कि महिलाएं इन बलात्कारियों को सामाजिक तौर से दंडित करें। अपने अधिकारों के प्रति सचेत रहें। चर्चा के दौरान इस बात को लेकर अफसोस जाहिर किया गया कि जहां देश में कुछ बलात्कार की घटनाओं में दुष्कर्मी को जेल की सजा मिलती है। तो कुछ अपने रसूख के बल पर न्यायालय से जमानत लेकर आराम से घूमते फिरते रहते हैं। सम्मेलन में सक्रिय भूमिका निभा रहीं अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की सचिव पुष्पा ने कहा कि महिलाएं अपने घर के अंदर कई तरह की परेशानियों से जूझती हैं। महंगाई आज हर गृहणियों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। प्याज, लहसुन, हरी सब्जियां हर चीज के दाम बढ़ गए हैं। महंगाई की वजह से महिलाओं को घर चलाने में परेशानी होती है। सम्मेलन में समाज में महिला-पुरुष के बीच असमानता को भी दूर करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही महिलाओं को जागरूक होकर राजनीति में आने की अपील की गई। साथ ही राजनीति में आने के बाद महिलाएं निर्णायक भूमिका में रहें। अपने पति या किसी अन्य सदस्य के हाथों की कठपुतली बनकर नहीं रह जाएं। अनेक मामलों में ऐसा देखा गया कि राजनीति दखल उनके पति, ससुर या देवर का रहता है और किसी तरह की गड़बड़ी होने पर जनप्रतिनिधि होने के नाते महिला को सजा भुगतनी पड़ती है। यानि यहां भी महिलाएं भी प्रताड़ित होती है।
----------
सम्मेलन में 19 सदस्यीय कमेटी गठित
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के सम्मेलन में जिले की 13 प्रखंडों से सैकड़ों की संख्या में महिलाएं जुटी थीं। इस बीच 19 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। इनमें पुष्पा कुमारी को सचिव, रोशाना खातुन को अध्यक्ष, उषा कुमारी को उपाध्यक्ष, टुप्पी कुमारी को संयुक्त सचिव, बिदु कुमारी को सदस्य, उर्मिला कुमारी को सदस्य, अनीता कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, अगंधा कुमारी, पार्वती कुमारी, अनिता कुमारी, शोभा कुमारी को सदस्य बनाया गया है। सचिव पुष्पा ने बताया कि मधेपुरा में 19-20 अक्टूबर को जनवादी महिला समिति का राज्य सम्मेलन होगा। इसमें नवादा से 10 डेलीगेट शामिल होने जाएगा।