विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवादा में पिता की खौफनाक करतूत, 6 साल के बेटे की गला रेतकर की हत्या; पत्नी से चल रहा था विवाद

Published: Mon, 03 Aug 2026 05:04 PM (IST)

नवादा के कादिरगंज में एक पिता ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने 6 वर्षीय बेटे आजाद कुमार की गला रेतकर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. नवादा में पिता ने 6 वर्षीय बेटे की हत्या की।

  2. पारिवारिक विवाद के चलते धारदार हथियार से गला रेता।

  3. आरोपी पिता फरार, पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही।

जागरण संवाददाता, नवादा। कादिरगंज थाना क्षेत्र के अंदर बाजार में सोमवार को एक ऐसी घटना हुई जिसने रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया। पारिवारिक विवाद के बीच एक पिता पर अपने ही छह वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जबकि स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान अंदर बाजार निवासी आजाद कुमार (6) वर्ष के रूप में हुई है। उसकी मां मुन्नी देवी (34) ने बताया कि पति सुधीर गोस्वामी वर्षों से परिवार की कोई जिम्मेदारी नहीं निभाता था। वह न तो बच्चों के पालन-पोषण का खर्च उठाता था और न ही कोई काम-धंधा करता था।

उल्टे शराब पीकर घर आता, मारपीट करता और घर में रखे सामान तक को बेच देता था। पति की प्रताड़ना से तंग आकर वह कई बार मायके जहानाबाद चली गई थीं। करीब दो माह पहले भी मारपीट के कारण वह मायके में रह रही थीं।

समझौते के बाद साथ ले गया था बेटा

महिला के अनुसार, दो-तीन दिन पहले डायल-112 पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। इसके बाद सुधीर गोस्वामी अपने बेटे आजाद को अपने साथ ले गया।

आरोप है कि सोमवार की सुबह करीब 10 बजे जब आजाद खेल रहा था, तभी उसने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मासूम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया।

गांव-गांव घूमकर बेचती थीं चूड़ी-सिंदूर

मुन्नी देवी ने बताया कि परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। वह गांव-गांव घूमकर चूड़ी, सिंदूर और अन्य सिंगार सामग्री बेचकर अपनी तीन बेटियों खुशी कुमारी, पूजा कुमारी और ज्योति कुमारी तथा इकलौते बेटे आजाद कुमार का भरण-पोषण करती थीं। पति से किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिलती थी। कई बार समझाने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।

जांच में जुटी पुलिस, आरोपी की गिरफ्तारी को कर रही छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं।

कादिरगंज थानाध्यक्ष अवध किशोर प्रसाद ने बताया कि स्वजन की ओर से आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- नालंदा में बेखौफ बदमाशों का तांडव, बीज कारोबारी को बंधक बनाकर 1 करोड़ की डकैती; गहने-कैश लेकर फरार