पकरीबरावां में मां दुर्गा का पट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मां दुर्गा का पट खुलते ही शनिवार को प्रखंड मुख्यालय थाना रोड स्थिति ठाकुरबाड़ी भलुआ सिमरिया पोकसी में भी पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मां दुर्गा का पट खुलते ही शनिवार को प्रखंड मुख्यालय थाना रोड स्थिति ठाकुरबाड़ी, भलुआ, सिमरिया, पोकसी में भी पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। माता की भव्य व आकर्षक प्रतिमाओं को देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। ' या देवी सर्वभूतेषू व रूप देहि जयं देहि यशो देहि द्विषो जेहि' के श्लोकों से पूरा शहर गुंजायमान होने लगा। पंडितों ने पूरे वैदिक कर्मकांड से माता की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। पंडालों की भव्यता व सजावट देख श्रद्धालु गदगद हो गए। सड़कों पर शाम होते ही श्रद्धालुओं का तांता लगने लगा। शाम में रोशनी की जगमगाहट लोगों की आंखें चकाचौंध कर रही थीं। थाना रोड की सड़कें रोशनी में नहाई हुई थी। देर रात तक सड़कों व पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही थी। पूजा पंडाल व आकर्षक प्रतिमा भव्यता बिखेर रही है। भजन, कीर्तन व सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। सुरक्षा को लेकर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पूजा स्थलों के अलावा सार्वजनिक स्थलों पर तैनात दिखे। पूजा समितियों द्वारा सुरक्षा व सुविधा का पुख्ता इंतजाम किया गया है।