लॉकडाउन के उल्लंघन में विहिप नेताओं पर प्राथमिकी
लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने के मामले में विहिप के समरसता प्रमुख जितेंद्र प्रताप जीतू व विहिप के जिला उपाध्यक्ष कैलाश विश्वकर्मा के विरुद्ध नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने के मामले में विहिप के समरसता प्रमुख जितेंद्र प्रताप जीतू व विहिप के जिला उपाध्यक्ष कैलाश विश्वकर्मा के विरुद्ध नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। फिजिकल डिस्टेसिग को भंग कर लोगों के बीच राशन बांटने व प्रशासनिक आदेशों के उल्लंघन के आरोप कार्रवाई की गई है।
नगर थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दोनों नेता शहर के इंदिरा चौक पर शनिवार की दोपहर 100-150 महिलाओं की भीड़ में राशन बांट रहे थे। इस दौरान शारीरिक दूरी का अनुपालन नहीं किया जा रहा था। जबकि प्रशासन का साफ आदेश है कि राशन वितरण का कार्य प्रशासनिक पदाधिकारियों की देखरेख में ही होगा। आम लोगों व सामाजिक संगठनों को भीड़ लगाकर राशन बांटने से पूर्व में ही मना कर दिया गया था। वरीय पदाधिकारियों के दिशा निर्देश पर दोनों के विरुद्ध नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इधर, प्रशासनिक कार्रवाई पर विहिप नेताओं ने गहरी नाराजगी जताई है। समरसता प्रमुख जीतू ने कहा कि यह गरीबों की सेवा में लगे लोगों व संगठनों के प्रतिनिधियों का मनोबल तोड़ने वाली कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि फिजिकल डिस्टेंसिग का पालन कर खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा था। अचानक भीड़ बढ़ने पर वितरण बंद करा दिया गया था। उस वक्त वहां पुलिस के अधिकारी भी पहुंचे थे। लेकिन, मदद करने की बजाय प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जो करना है करे, हम अपने कदम पीछे नहीं करेंगे। रोज जिला से लेकर दूसरे प्रदेशों में फंसे सैकड़ों लोगों का कॉल आ रहा है। उन्हें मदद पहुंचा रहे हैं। यह कार्य अनवरत जारी रहेगा। प्रशासन को मानवता की सेवा में सहयोग करने की जरूरत है।