नदी से बरामद हुआ बालक का शव
थाना क्षेत्र के केनासराय गांव के समीप खुरी नदी से मंगलवार की सुबह सात वर्षीय बालक का शव बरामद किया गया।
नवादा। थाना क्षेत्र के केनासराय गांव के समीप खुरी नदी से मंगलवार की सुबह सात वर्षीय बालक का शव बरामद किया गया। मृत बालक की पहचान नहीं हो सकी है। शव से काफी दुर्गंध निकल रही थी। उसकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाने की उम्मीद है। वैसे लोगों का मानना है कि अन्यत्र उसकी हत्या कर शव को लाकर नदी में फेंक दिया गया है।
बताया जाता है कि सुबह में कुछ ग्रामीण नदी की ओर गए थे। तभी उन्हें दुर्गंध मिली। पास जाकर देखा तो नदी में बालक का शव पड़ा हुआ था। बालक का शव होने की खबर पर इलाके में सनसनी फैल गई। काफी संख्या में आसपास के ग्रामीण वहां जुट गए। तत्काल इसकी सूचना मुफस्सिल और नारदीगंज थाना की पुलिस को दी गई। दोनों थाना की पुलिस वहां पहुंची और मामले की पड़ताल की। ग्रामीणों से पूछताछ में मृत बालक की पहचान नहीं हो सकी। वहीं शुरुआत में थाना क्षेत्र को लेकर भी संशय की स्थिति बनी रही। इसके बाद नारदीगंज थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव दो-तीन दिन पुरानी प्रतीत हो रही है। शरीर फूल गया है और उससे काफी दुर्गंध निकल रही है। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर जानकारी मिल सकेगी। बहरहाल, सभी ¨बदुओं पर छानबीन चल रही है। इधर, ग्रामीण कयास लगा रहे हैं कि अन्यत्र बालक की हत्या कर शव को नदी में गाड़ दिया गया होगा। बाद में आवारा पशुओं ने बालू को हटा दिया, जिससे शव उपर आ गया। बहरहाल क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरु है।