विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ फिर एनडीए होगा काबिज : सीपी ठाकुर
भाजपा के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य डॉ. सीपी ठाकुर ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में पुन एनडीए भारी बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज होगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य डॉ. सीपी ठाकुर ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में पुन: एनडीए भारी बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज होगा। कार्यकर्ता अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। सभी सीटों पर भाजपा और सहयोगी दलों की जीत को सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा, कार्यकर्ताओं की बदौलत ही भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। वह बुधवार को नवादा के न्यू एरिया स्थित श्रीकृष्ण सिंह स्मारक भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना ने की।
डॉ. ठाकुर ने नागरिकता संशोधन कानून की चर्चा करते हुए कहा, यह नागरिकता लेने वाला नहीं, बल्कि देने वाला कानून है। बावजूद विपक्ष देशवासियों को भ्रमित कर रहा है। ऐसे में हम सभी कार्यकर्ताओं की जवाबदेही है कि आमजनों को सीएए के प्रति जागरूक करें। उन्होंने बूथ कमेटी, शक्ति केंद्र, पंचायत व प्रखंड कमेटी सहित जिला कमेटी के विस्तार और संगठन की मजबूती पर भी चर्चा की। प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामा सिंह ने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाएं। बूथस्तरीय कार्यकर्ताओं के बदौलत ही चुनाव में जीत हासिल होती है। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। सीएए के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई। जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना ने कहा, नवादा में भाजपा संगठन शुरू से काफी मजबूत है। आने वाले चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित कराने के लिए सभी कार्यकर्ता तन-मन से काम करेंगे। बैठक को प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामा सिंह, जिला प्रभारी प्रकाश भगत, पूर्व विधायक कन्हैया कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. विजय कुमार सिन्हा व विनय कुमार आदि ने भी संबोधित किया। संचालन विजय पांडेय ने किया। इस मौके पर रामानुज, सतीश कुमार सिन्हा, अविनाश, रंजीत, नरेश वर्मा समेत अन्य उपस्थित थे।