आठ वर्षों से फरार हत्यारोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शनिवार की देर रात पुलिस और एसटीएफ के जवानों ने सिरदला थाना क्षेत्र के चेली गांव में छापेमारी कर आठ वर्षों से फरार हत्या के नामजद आरोपित मनोज तुरिया को गिरफ्तार किया।
शनिवार की देर रात पुलिस और एसटीएफ के जवानों ने सिरदला थाना क्षेत्र के चेली गांव में छापेमारी कर आठ वर्षों से फरार हत्या के नामजद आरोपित मनोज तुरिया को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष सुजय विद्यार्थी ने बताया कि वर्ष 2012 में रजौली के एक ईंट-भट्ठे पर एक मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मामले में मनोज को नामजद किया गया था। तब से वह फरार चल रहा था। जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कर रही थी। शनिवार की शाम सूचना मिली कि आरोपित दौलत तुरिया के बेटे मनोज तुरियां अपना घर आया हुआ है। सूचना के आलोक में एसआइ फूलन प्रसाद सिंह और एसटीएफ के जवानों के साथ एक टीम बनाई गई और देर रात्रि छापेमारी कर उसे घर से गिरफ्तार कर लिया गया। थाने पर उससे आवश्यक पूछताछ की गई और उसके बाद उसे रविवार को जेल भेज दिया गया है। छापेमारी में जिला पुलिस बल और एसटीएफ के जवान शामिल थे।