विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा: ठेले से टक्कर के बाद गायब हुआ ट्रक ड्राइवर, मौके पर मिली चप्पल और गमछा; तलाश में जुटी 8 थानों की पुलिस 

Published: Sun, 16 Aug 2026 11:11 AM (GMT+05:30)

नालंदा के एकंगरसराय में ट्रक से ठेला टकराने के बाद चालक राजीव कुमार रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड फोटो

एआई जनरेटेड फोटो

HighLights

  1. एकंगरसराय में ट्रक-ठेला टक्कर के बाद चालक लापता।

  2. ग्रामीणों ने चालक से मारपीट कर ट्रक क्षतिग्रस्त किया।

  3. पुलिस ने बड़े पैमाने पर खोजबीन और जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, एकंगरसराय। नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र के धुर गांव स्टैंड के समीप शनिवार की शाम ट्रक से ठेला टकराने के बाद हुए विवाद में ट्रक चालक राजीव कुमार के रहस्यमय ढंग से लापता होने से तनाव की स्थिति बन गई।

ठेला क्षतिग्रस्त होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक के साथ मारपीट की और ट्रक का शीशा फोड़ दिया। इसी बीच खलासी ट्रक लेकर वहां से निकल गया, जबकि चालक भीड़ के बीच रह गया।

देर रात तक राजीव के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से चालक का गमछा और चप्पल मिलने से अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।

गाड़ी पीछे करते समय लगा धक्का 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ट्रक खड़ा कर नीचे उतर गया था और खलासी वाहन को पीछे कर रहा था। इसी दौरान ठेला से टक्कर हो गई। हंगामा होने पर चालक लोगों को समझाने लगा।

उसका भाई भी मौके पर पहुंचा और ठेला के नुकसान की भरपाई करने की बात कहकर मामला शांत कराने लगा। तभी खलासी ट्रक लेकर चला गया।

चालक के भाई को लगा कि राजीव भी ट्रक के साथ चला गया है और वह एक निमंत्रण में चला गया। देर रात जानकारी मिली कि राजीव अब तक घर नहीं पहुंचा है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

चालक के स्थानीय होने के कारण उसके गांव महमदपुर से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित हो गए। उग्र ग्रामीणों ने एक पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

तालाब में जाल डालकर तलाश

पुलिस ने चालक की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की। बगल के तालाब में जाल डालकर भी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चालक के साथ अनहोनी हुई है या वह डर के कारण कहीं चला गया है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

आठ थानों की पुलिस व दो डीएसपी तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एकंगरसराय, चंडी के अलावा नूरसराय, भागन बिगहा, नगरनौसा, तेलहाड़ा, औंगारी, पीर बिगहा और हिलसा थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है। हिलसा के दो पुलिस उपाधीक्षक समेत दो डीएसपी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस निरीक्षक अमरेंद्र कुमार, एकंगरसराय थानाध्यक्ष अनिल कुमार, चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा समेत कई थानाध्यक्ष मौके पर कैंप कर चालक की तलाश में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चालक के मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- बोधगया में 36 घंटे से लापता बच्चे का शव नदी में मिला, गला दबाकर हत्या की आशंका