कोहरे में टेंपो पलटा, दबकर पटना के किसान की मौत
बिहारशरीफ। थाना क्षेत्र के रेडी रसलपुर गांव के समीप कोहरे के कारण टेंपो अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा पलटी। टेंपो पलटने से उसके नीचे दबकर एक किसान की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक पटना जिला के धनरूआ थाना क्षेत्र के चमंडी गांव निवासी 50 वर्षीय किसान अजीत कुमार है।
बिहारशरीफ। थाना क्षेत्र के रेडी रसलपुर गांव के समीप कोहरे के कारण टेंपो अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा पलटी। टेंपो पलटने से उसके नीचे दबकर एक किसान की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक पटना जिला के धनरूआ थाना क्षेत्र के चमंडी गांव निवासी 50 वर्षीय किसान अजीत कुमार है। वह टेंपो पर सब्जी लादकर हिलसा स्थित सब्जी मंडी जा रहा था। उसी दौरान कोहरे की वजह से टेंपो अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा पलटी। टेंपो पलटने से उसपर सवार किसान नीचे आ गया। जिससे दबकर उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद जदयू नेता संजय मुखिया अनिल कुमार आजाद ,जितेंद्र कुमार, भोली प्रसाद, पूर्व मुखिया रविदर चौधरी समेत कई लोग पहुंच गए। विधायक ने मृतक के स्वजन को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकारी नियम के अनुसार लाभ दिया जाएगा। उन्होंने मौजूद पदाधिकारी को पारिवारिक लाभ योजना के तहत तत्काल 20 हजार रुपये देने को कहा।
बाइक में पीछे से मारी टक्कर, चालक की मौत, दूसरा जख्मी
उधर, इस्लामपुर- जहानाबाद मुख्य सड़क मार्ग पर अतासराय पशु हाट के समीप एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वही घायल बाइक सवार को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। मृतक थाना क्षेत्र के गोपालगंज गांव निवासी सुमेश्वर सिंह उर्फ नन्हक यादव का 30 वर्षीय पुत्र विश्वजीत कुमार उर्फ गुड्डू है। घायल उसी गांव का रामनगीना सिंह है। जानकारी के अनुसार विश्वजीत कुमार उर्फ गुड्डू व रामनगीना सिंह शुक्रवार की देर शाम गोपालगंज से जहानाबाद जा रहे थे। उसी दौरान उक्त स्थल पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में विश्वजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने विश्वजीत कुमार को पटना रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी प्रियंका कुमारी का रो-रो कर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष शरद कुमार रंजन ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। मृतक के आश्रित को बीडीओ चंदन कुमार एवं सीओ अजय सिंह ने आपदा प्रबंधन के तहत चार लाख रुपए एवं पारिवारिक लाभ के तहत बीस हजार रुपए का चेक दिया ।