स्पेशल का दर्जा हटे बीते कई माह, नालंदा में इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव पर मंत्रालय मौन
बिहारशरीफ। अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूरिस्ट स्पाट होने के बावजूद नालंदा रेलवे स्टेशन पर राजगीर इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव नहीं किया गया है। इस कारण रोज ट्रेन से यात्रा करने वाले कई विभागों के कर्मी काफी परेशान हैं। जानकारी हो कि इस स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों में श्रमजीवी एक्सप्रेस एवं राजगीर नालंदा इंटरसिटी ट्रेनों का ठहराव था।
बिहारशरीफ। अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूरिस्ट स्पाट होने के बावजूद नालंदा रेलवे स्टेशन पर राजगीर इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव नहीं किया गया है। इस कारण रोज ट्रेन से यात्रा करने वाले कई विभागों के कर्मी काफी परेशान हैं। जानकारी हो कि इस स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों में श्रमजीवी एक्सप्रेस एवं राजगीर नालंदा इंटरसिटी ट्रेनों का ठहराव था। इन ट्रेनों के माध्यम से न केवल देश या विदेश से आने वाले पर्यटक व यात्रियों का आवागमन होता था बल्कि डेली पैसेंजर पटना या अन्य जगहों से राजगीर तक आकर ड्यूटी करते हैं। जबकि राजगीर इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव कोरोना काल के बाद से ही बंद कर दिया गया है। राजगीर इंटरसिटी ट्रेन जिसका नंबर 03233 एवं 03234 का ठहराव कोरोना काल में लाकडाउन के बाद से ही बंद कर दिया गया था। इन ट्रेनों के पहले इस ट्रेन का नंबर 13233 एवं 13234 हुआ करता था। जो नालंदा स्टेशन पर रुकती थी। परंतु इन ट्रेन नंबर के पूर्व शून्य लगाकर इसे स्पेशल ट्रेन का दर्जा प्रदान कर दिया गया और ठहराव को बिहारशरीफ के बाद सीधा राजगीर किया गया। पिछले कुछ महीने पूर्व कुछ ट्रेनों के ठहराव को बढ़ाया भी गया। स्पेशल ट्रेन का दर्जा भी हटाया गया। कितु राजगीर इंटरसिटी ट्रेन का दर्जा हटे कई महीने बीत भी गए पर नालंदा स्टेशन पर उसका ठहरा सुनिश्चित नहीं किया गया। इसी तरह श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव पावापुरी में आज तक शुरू नहीं हुआ है। नालन्दा एवं पावापुरी स्टेशन से जैन व बौद्ध धर्मावलंबियों के अलावा हर दिन सैकडों टूरिस्ट का आवागमन होता है। इसके अलावा सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रा करने वाले रोजमर्रा के ड्यूटी मंद यात्रियों को उठानी पड़ रही है। पावापुरी से लेकर नालंदा तक के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए या तो बिहारशरीफ स्टेशन जाना पड़ रहा है या राजगीर। इस कारण उनकी दिनचर्या अस्त व्यस्त हो गई है। यहां बता दें कि पटना से राजगीर इंटरसिटी ट्रेन के मार्फत यात्रा करने वाले यात्रियों में कई बैंक कर्मी, शिक्षक तथा अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल हैं। जिन्हें लौटते समय काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वे सब ट्रेन पकड़ने या तो बस से यात्रा कर बख्तियारपुर जाते हैं या बिहार शरीफ या राजगीर स्टेशन जाकर राजगीर इंटरसिटी ट्रेन को पकड़ते हैं।
-------------------------- बोले अधिकारी
इस संबंध में दानापुर मंडल के डीआरएम प्रभात कुमार से पूछे जाने पर बताया गया कि अभी भी लगभग 450 हाल्ट व छोटे स्टेशनों पर रोका गया ठहराव शुरू नहीं हो पाया है। यह प्रक्रिया मंत्रालय स्तर पर निर्धारित होती है। प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। अगर फिर से लाकडाउन नहीं लगा तो हो सकता है निकट भविष्य में ठहराव सुनिश्चित हो जाय।