पति-पत्नी और वो, हत्या के मामले में उलझी पुलिस, पत्नी गिरफ्तार
पत्नी पर आरोप है कि उसने पति की हत्या कर दी है। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और उसका बयान भी संदिग्ध है जिसकी वजह से पुलिस पति-पत्नी और वो के उलझन में पड़ी है।
नालंदा [जेएनएन]। पति-पत्नी और वो के मामले में पुलिस उलझ गई है। पति की हत्या के आरोप पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन हत्या की गुत्थी उलझी हुई है। आरोपी पत्नी ने हत्या में शामिल होने इनकार किया है लेकिन परिवारवालों का कहना है कि उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की है।घटना जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर की है जहां 30 साल के एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार सर्वोदय नगर के अजय कुमार की शादी हरनौत थाना क्षेत्र के जोरारपुर निवासी रामदेव प्रसाद की पुत्री स्वीटी कुमारी के साथ 19 अप्रैल 2018 को हुई थी। मृतक के पिता टुन्नी लाल प्रसाद ने बताया कि उसकी बहू का दूसरे आदमी के साथ अवैध संबंध था।
शादी के बाद भी उसका यहां आना जारी रहा। बाद में जब बेटे को इस अफेयर के बारे में जानकारी मिली तो उसने विरोध किया तो पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इस योजना के तहत 30 सितंबर को छत पर सोने के दौरान उसके बेटे की गला दबा कर हत्या कर दी गई।
छह महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक अजय व स्वीटी की शादी छह महीने पहले ही हुई थी। अजय की पहली शादी करीब ढाई साल पहले अकबरपुर हिलसा में हुई थी। बाद में दोनों अलग-अलग हो गए। फिर अजय ने दूसरी शादी स्वीटी के साथ की। मगर दो महीने में ही दोनों के बीच दोनों के बीच खटपट शुरू हो गयी।
गले पर मिला है रस्सी का निशान
पुलिस सूत्रों की मानें तो मृतक के गले पर रस्सी का निशान मिला है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि छत पर सोते समय ही अजय के गले में रस्सी फंसाकर हत्या कर दी गई हो।
घर में थे सिर्फ चार लोग, तो किसने की हत्या
हत्या के आरोप से इंकार करते हुए पत्नी ने कहा कि अजय छत पर सो रहा था। वो नीचे थी। सास व भतीजी भी नीचे थी। जब वो छत पर गई तो देखा कि उसका पति नहीं उठ रहा है। फिर वो नीचे आ गई और सबको बताया। ऐसे में सवाल उटता है कि अगर अजय की मौत स्वभाविक है तो गले पर निशान कैसे है। अगर घर में सिर्फ मृतक के अलावा 3 लोग ही मौजूद थे, तो किसने हत्या की।
मौत के समय को लेकर बाप-बेटी के बयान अलग-अलग
मृतक के ससुर रामदेव प्रसाद ने बताया कि उसकी बेटी ने सुबह साढ़े 7 बजे फोन किया कि पति अब नहीं रहे। हमलोग घर गए तो मृतक के परिजन हमारे साथ मारपीट करने लगे। वहीं मृतक की पत्नी ने बताया कि सुबह 8 बजे जब वो अजय को उठाने गई तो पता चला कि वो मर गया है।
मां ने कहा-बहू ने करवाई हत्या
मृतक की मां ने बहू पर आरोप लगाया है कि अवैध सम्बंध का विरोध करने के कारण उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मेरे बेटे की हत्या की है।
दीपनगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अनुसंधान के बाद ही हत्या की वजह का पता लगेगा। जांच जारी है। मामला संदिग्ध लग रहा है।