नालंदा: 4 महीने से बंद है करायपरसुराय प्रखंड का आधार केंद्र, सुधार और नए नामांकन के लिए हिलसा दौड़ रहे ग्रामीण
कराइपरसुराय प्रखंड में आधार सेवा केंद्र चार माह से बंद है, जिससे ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने, सुधारने या मोबाइल नंबर जोड़ने में परेशानी हो रही है।

करायपरसुराय प्रखंड का आधार केंद्र
HighLights
कराइपरसुराय आधार केंद्र चार माह से बंद।
ग्रामीणों को आधार बनवाने, सुधारने में दिक्कत।
8 किमी दूर हिलसा जाना पड़ रहा है।
संवाद सूत्र, करायपरसुराय (नालंदा)। करायपरसुराय प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित आधार सेवा केंद्र 4 माह से बंद रहने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण आधार कार्ड बनवाने, उसमें सुधार कराने तथा मोबाइल नंबर जोड़ने जैसे आवश्यक कार्य ठप पड़े हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस कार्य के लिए चयनित एजेंसी का करार खत्म हो जाने के कारण पिछले चार माह से प्रखंड कार्यालय में स्थित आधार सेवा केंद्र को बंद कर दिया गया है। यहां स्थित इंडियन बैंक के शाखा में आधार सेवा केंद्र संचालित था जिसे भी एग्रीमेंट खत्म हो जाने के कारण लगभग 4 माह से बंद कर दिया गया है।
8 किमी दूर जाना पड़ रहा
बाजार में स्थित उप डाकघर में आधार सेवा केंद्र संचालित नही है जबकि प्रखंड में स्थित 7 ग्रामीण शाखा डाकघर में 0 से 5 वर्ष के बच्चों का आधार कार्ड बनाया जा रहा है। आधार केंद्र बंद रहने के कारण लोगों को आधार कार्ड बनवाने, उसमें सुधार कराने तथा मोबाइल नंबर जुड़वाने के लिए लगभग 8 किलोमीटर की दूरी तय कर हिलसा जाना पड़ रहा है।
इससे लोगों को जहां एक ओर आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है वहीं समय की भी बर्बादी हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी गांव के बुजुर्ग महिलाओं व पुरुषों को हो रही है।
आधार सेवा केंद्र का बंद रहने से हो रही परेशानी
ग्रामीण अरुण कुमार निराला, मोहम्मद इम्तियाज आलम, साबिर अली ने , राजाराम प्रसाद समेत अन्य लोगों ने कहा कि आधार से जुड़े कार्य कई सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए अनिवार्य है, ऐसे में आधार सेवा केंद्र का बंद रहना उन लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से यथाशीघ्र बंद पड़े आधार सेवा केंद्र को चालू कराने की मांग की है ताकि उन लोगों को सहूलियत हो सके।
नए एग्रीमेंट की प्रक्रिया चल रही
इस संबंध में बीडीओ नंदकिशोर कुमार ने कहा कि इस कार्य के लिए चाइनीस एजेंसी का करार खत्म हो जाने के कारण आधार सेवा केंद्र बंद है। उन्होंने कहा कि इसके लिए फिर से नया एग्रीमेंट की प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही आधार सेवा केंद्र को चालू करा दिया जाएगा।
वहीं इंडियन बैंक प्रबंधक ने कहा कि एजेंसी से करार खत्म हो जाने के कारण केंद्र बंद है। विभाग के बड़ी अधिकारियों को इससे अवगत कराया जा चुका है।
