एशियन पैरा गेम्स 2026: बिहार के लाल का कमाल, जापान में पावरलिफ्टिंग का जलवा बिखेरेंगे नालंदा के झंडू
नालंदा के हरनौत निवासी पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार को जापान में होने वाले 5वें एशियन पैरा गेम्स-2026 के लिए भारतीय दल में चुना गया है।

पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
HighLights
झंडू कुमार का 5वें एशियन पैरा गेम्स 2026 के लिए चयन।
8 अक्टूबर को विदाई, 14 अक्टूबर को जापान के लिए प्रस्थान।
नालंदा और बिहार के लिए गौरव का विषय, प्रेरणादायक उपलब्धि।
संवाद सूत्र, हरनौत। नालंदा के हरनौत निवासी पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 5वें एशियन पैरा गेम्स-2026 में भाग लेने के लिए नई दिल्ली में 8 अक्टूबर को विदाई दी जाएगी।
इस अवसर पर सम्राट अशोक भवन में समारोह आयोजित कर उन्हें स्पोर्ट्स किट प्रदान की जाएगी। वे 14 अक्टूबर को जापान के लिए प्रस्थान करेंगे।
नालंदा लक्ष्य अकादमी के सचिव सह कोच कुंदन कुमार पांडे ने बताया कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के खेल विभाग द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार, भारतीय दल में कुल 128 खिलाड़ियों को 8 खेल विधाओं में भाग लेने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इनमें पैरा पावरलिफ्टिंग के 8 खिलाड़ी शामिल हैं। 5वें एशियन पैरा गेम्स का आयोजन 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में होगा।
झंडू कुमार को नालंदा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा, सचिव कुंदन कुमार पांडे, कोषाध्यक्ष रवि कुमार, प्रमोद कुमार, सतनाम कबीर, प्रबंधक विनय कुमार और ज्ञानेश सहित एसोसिएशन के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा ने झंडू को बधाई देते हुए कहा कि उनका एशियन पैरा गेम्स के लिए भारतीय दल में चयन नालंदा के पैरा खेलों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि झंडू कुमार प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और बिहार का नाम अवश्य रोशन करेंगे।
सचिव कुंदन कुमार पांडे ने कहा कि झंडू कुमार ने निरंतर मेहनत, अनुशासन और संघर्ष के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनका चयन नालंदा और बिहार के अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
