बहनोई के घर छिपा था नालंदा के सवा करोड़ की डकैती का आरोपित, साथी संग छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार
नालंदा के दीपनगर में हुई सवा करोड़ की डकैती के दो आरोपी सोनू कुमार और धीरज कुमार को छत्तीसगढ़ से ...और पढ़ें

छत्तीसगढ़ से डाका मामले में दो आरोपित गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सवा करोड़ की डकैती के दो आरोपी गिरफ्तार।
छत्तीसगढ़ में बहनोई के घर छिपा था मुख्य आरोपी।
सोने के आभूषण और 4.72 लाख रुपये बरामद।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय निवासी राजीव रंजन के घर 3 अगस्त की रात हुई सवा करोड़ की डकैती में शामिल दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि स्थानीय गुलनी निवासी 25 वर्षीय सोनू कुमार और उसके हमउम्र साथी जोरारपुर निवासी धीरज कुमार को छत्तीसगढ़ में कोरवा से पकड़ा गया।
बहनोई के घर छिपा था सोनू
सोनू अपने बहनोई के यहां छिप कर रह रहा था। धीरज को भी साथ में रखा था। सोनू का बहनोई वहां रेलवे में नौकरी करता है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस कांड में अब तक नौ अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जबकि आठ अभियुक्त के पीछे पुलिस लगी हुई है।
अब तक 25 लाख रुपए और बड़ी मात्रा में आभूषण की बरामदगी भी हो चुकी है। कांड का उद्भेदन घटना के दूसरे दिन ही कर लिया गया था।
4.72 लाख रुपये, गहने बरामद
पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिए हैं। इनकी निशानदेही पर डाका डाल कर ले गए सोने का आभूषण, रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोबाईल को बरामद किया गया है।
इन दोनों के बताए स्थान से सोने की दो चेन, सोने का बड़ा मंगलसूत्र, एक बड़ा तिकोना अकार का सोने का मंगलसूत्र का लाॅकेट, सोने की लाॅकेट (भगवान गणेश का चित्र उभरा हुआ), सोने का एक सिक्का, 4.72 लाख रुपये मिल हैं।
छापेमारी में थानाध्यक्ष सुमन कुमार के साथ जिला आसूचना इकाई में पदस्थापित एसआई आलोक कुमार सिंह, एएसआई चंदन कुमार तथा चार जवान शामिल थे।
बताया गया कि बदमाश सोनू कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध दीपनगर थाने में हत्या और अवैध अग्नेयास्त्र रखने, लहेरी और सिलाव थाने में अवैध आग्नेयास्त्र रखने, मारपीट करने आदि के मामले दर्ज हैं।
