विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पट्टे की खेती से मलेशिया के खेल मैदान तक पहुंचा नालंदा का अनुपम, भारतीय बधिर एथलेटिक्स टीम में चयन; आज रवाना

Published: Fri, 02 Oct 2026 12:54 PM (IST)

नालंदा के हरनौत प्रखंड के महमूदपुर बलवा गांव के श्रवण बाधित एथलीट अनुपम कुमार का चयन भारतीय राष्ट्रीय बधिर एथलेटिक्स ...और पढ़ें

नालंदा से शुरू हुआ सफर, राष्ट्रीय टीम तक पहुंचे

नालंदा से शुरू हुआ सफर, राष्ट्रीय टीम तक पहुंचे

HighLights

  1. श्रवण बाधित एथलीट अनुपम का भारतीय टीम में चयन।

  2. मलेशिया में एशिया पैसिफिक चैंपियनशिप में लेंगे हिस्सा।

  3. पट्टे की खेती वाले परिवार से अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल।

जागरण संवाददाता, हरनौत (नालंदा)। नालंदा के हरनौत प्रखंड स्थित महमूदपुर बलवा गांव के युवा श्रवण बाधित एथलीट अनुपम कुमार ने मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है। उनका चयन भारतीय राष्ट्रीय बधिर एथलेटिक्स टीम में हुआ है।

वे मलेशिया के पेनांग में होने वाली प्रथम एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी-स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता तीन से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगी। अनुपम आज दिल्ली से मलेशिया के लिए रवाना होंगे।

पट्टे की खेती से घर चलता है, बेटे ने रचा इतिहास

अनुपम के पिता पप्पू यादव और दादा सुरेंद्र यादव की आर्थिक स्थिति कमजोर है। परिवार पट्टे पर खेती कर गृहस्थी चलाता है।

सीमित संसाधनों के बावजूद अनुपम ने खेल को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार मेहनत करते रहे। परिवार के सहयोग के साथ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन ने भी उनके सफर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

नालंदा से शुरू हुआ सफर, राष्ट्रीय टीम तक पहुंचे

अनुपम के खेल सफर को आगे बढ़ाने में नालंदा के कोच एवं सचिव कुंदन कुमार पांडेय और नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

शुरुआती प्रशिक्षण के दौरान उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए गए। वर्तमान में वे गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में कोच जितेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

सांकेतिक भाषा बनी प्रशिक्षण की अहम कड़ी

बधिर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और संवाद में सांकेतिक भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। तकनीकी निर्देशों और जरूरी जानकारी को खिलाड़ियों तक पहुंचाने में खेल प्रशिक्षक एवं सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ किशोरी जाजोदिया का भी योगदान रहा है।

नालंदा में बधिर खिलाड़ियों को खेल से जोड़ने के लिए प्रशिक्षकों, खेल संस्थाओं और परिवारों की ओर से लगातार सहयोग किया जा रहा है।

भारतीय टीम में चयन पर मिली बधाइयां

अनुपम के चयन पर बिहार स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ द डेफ (बीएससीडी) के महासचिव मोहम्मद अतहर अली ने खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दीं।

डेफ काउंसिल ऑफ नालंदा की जिला इकाई और खेलप्रेमियों ने भी उन्हें बधाई दी। नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी के प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने अनुपम की उपलब्धि पर खुशी जताई।

पेनांग में भारत के लिए मैदान में उतरेंगे अनुपम

प्रथम एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी-स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में अनुपम कुमार एथलेटिक्स स्पर्धा में भारत की ओर से हिस्सा लेंगे।

महमूदपुर बलवा जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर भारतीय राष्ट्रीय बधिर एथलेटिक्स टीम तक पहुंचना उनके खेल सफर की बड़ी उपलब्धि है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के युवा और बधिर खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।