पत्रकार के इकलौते बेटे की आंख फोड़कर निर्मम हत्या
हरनौैत थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में बदमाशों ने एक अखबार के कार्यालय प्रभारी आशुतोष कुमार आर्य के पुत्र की आंख फोड़कर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार उनका पुत्र अश्विनी कुमार उर्फ चुन्नु गांव में ही रहता था। जबकि पिता हरनौत में किराए के मकान में रहता था।
बिहारशरीफ: हरनौत थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में बदमाशों ने एक दैनिक अखबार के ब्यूरो चीफ आशुतोष कुमार आर्य के 15 वर्षीय पुत्र की आंख फोड़कर निर्मम हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार उनका पुत्र अश्विनी कुमार उर्फ चुन्नू गांव में ही दादी के साथ रहता था। जबकि पिता अपनी पत्नी व बेटी के साथ हरनौत में किराए के मकान में रहते थे। बताया जा रहा है कि रविवार को चुन्नू खेलने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो दादी ने खोजबीन शुरू की। थोड़ी देर बाद गांव के उत्तर तालाब के किनारे से चुन्नू का शव बरामद किया गया। उसकी आंख फूटी हुई थी। आशंका है कि उसे बेहद निर्ममता से सुनियोजित ढंग से मारा गया है। बदहवास पिता व मां अभी कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं हैं। जानकारी के अनुसार चुन्नू आशुतोष कुमार का इकलौता बेटा था। उनकी तीन बेटियां हैं। दो की शादी हो चुकी है। तीसरी बेटी की शादी अगले माह 15 मई को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। अचानक इस वारदात से घर में मातम पसर गया। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मामले की जांच की जा रही है। पोते के सहारे जी रही दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। आस-पड़ोस के लोग भी गमगीन हैं।