लोजपा सांसद चिराग पासवान ने पार्टी नेताओं से कहा- ईमानदारी से करें काम
लोकजनशक्ति पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन आज राजगीर में आयोजित किया गया था। उसे संबोधित करते हुए सांसद और नेता चिराग पासवान ने पार्टी नेताओं को राजनीतिक टिप्स दिए।
पटना [जेएनएन]। लोक जनशक्ति पार्टी का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन गुरुवार से ऐतिहासिक नगरी राजगीर के कन्वेंशन हॉल में शुरू हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के सांसद सह संसदीय बोर्ड के सदस्य चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी ने तीन वर्षों मे कई उपलब्धियां प्राप्त की है।
चिराग ने कहा कि पार्टी का यह राष्ट्रीय अधिवेशन काफी महत्वपूर्ण है। देश भर में पार्टी को ग्रासरुट पर ले जाया जायेगा, जिसका एकमात्र उद्देश्य पार्टी को मजबूती प्रदान करना है, पार्टी के सामाजिक स्वरूप को जन जन तक पहुंचाना है।
पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सबकी है, केन्द्र व राज्य सरकार के विकास शील योजनाओं को लागू कराने का प्रयास अगर विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सभी प्रकोष्ठ पर तैनात प्रतिनिधि ईमानदारी से करें तो हमारी पार्टी का मुकाबला कोई पार्टी नहीं कर सकती।
हमारे आदर्श भारत रत्न बाबा भीमराव अंबेदकर हैं, जिनके आदर्शों पर पार्टी काम कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व कर्ता हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान है, जिन्होंने बाबा साहेब के आदर्शों व नीतियों को लागू किया है, बाबा साहेब अंबेदकर को भारत रत्न दिलाने का काम किया है।
स्वराज्य के 70 वर्षों के बाद समाज के वंचित वर्ग को लाभान्वित कर मुख्य धारा में जोड़ने का कार्य किया है
जितनी भी केन्द्र की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
सम्मेलन में लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान, लोजपा के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष व सांसद रामचंद्र पासवान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री पशुपति कुमार पारस समेत देश भर से लोजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।