Move to Jagran APP

Coronavirus Nalanda: जिले में 35 पहुुंचा आंकड़ा, दिल्ली से आई महिला निकली कोरोना पॉजिटिव

नालंदा में कई दिन बाद एक बार फिर कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गनीमत ये है कि दिल्ली से लौटने के बाद उसे सीधे क्वारंटाइन सेंटर में ही रखा गया था।

By Akshay PandeyEdited By: Published: Tue, 28 Apr 2020 09:50 AM (IST)Updated: Tue, 28 Apr 2020 03:07 PM (IST)
Coronavirus Nalanda: जिले में 35 पहुुंचा आंकड़ा, दिल्ली से आई महिला निकली कोरोना पॉजिटिव
Coronavirus Nalanda: जिले में 35 पहुुंचा आंकड़ा, दिल्ली से आई महिला निकली कोरोना पॉजिटिव

नालंदा, जेएनएन। पांच दिन पहले सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने दिल्ली से सपरिवार आई महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। हालांकि उसके अन्य स्वजनों की रिपोर्ट निगेटिव है। महिला को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। इस महिला को मिलाकर जिले में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 35 पहुंच गई है। जिनमें से छह लोग स्वस्थ हो चुके हैं। सोमवार को जिले से भेजे गए 153 लोगों के सैम्पल की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

loksabha election banner

डीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों व पुलिस की सतर्कता पूरे जिले के लिए नजीर है। दीपनगर थाना क्षेत्र के नेपुरा के ग्रामीणों को पहले से ही इन लोगों के दिल्ली से आने की खबर थी। ग्रामीणों ने समय रहते दीपनगर पुलिस को इस बारे में सूचित कर दिया। कार से जैसे ही यह परिवार बिहारशरीफ पहुंचा। दीपनगर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और महिला समेत पूरे परिवार को गांव जाने ही नहीं दिया और सभी को बिहारशरीफ के खंदक पर स्थित कृष्णा होटल में क्वारनटाइन कर दिया। यहां से मेडिकल टीम ने उन लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए पटना भेजा था। सोमवार को देर रात रिपोर्ट आई, जिसमें महिला के पॉजिटिव होने का पता चला। इसके बाद पूरी सतर्कता के साथ महिला को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार महिला व उसके स्वजन दिल्ली से आने के बाद घर नहीं गए हैं। इस कारण चेन बनने की आशंका नहीं है।

दिल्ली से आए थे तीन बच्चे, एक पुरुष व दो महिलाएं

नेपुरा गांव की जिस महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उसकी उम्र 27 साल है। वह दिल्ली से 3 बच्चों, एक पुरुष एवं एक अन्य महिला के साथ आई थी। महिला की सास अपने मायके पावापुरी ओपी क्षेत्र के घोसरावां में रह रही थीं। वहीं एक हफ्ते पहले उनका निधन हो गया था। स्वजन शव को पहले उनकी ससुराल नेपुरा ले गए, फिर दाह संस्कार के लिए बाढ़ ले जाया गया था। उधर, दिल्ली में रह रहे महिला के पुत्र व बहू को जैसे निधन की सूचना मिली, वे लोग वहां से कार से गांव के लिए चल पड़े। हालांकि इनलोगों के आने के पहले दाह संस्कार सम्पन्न हो चुका था। पूरा परिवार गांव पहुंचने वाला था, परन्तु सजग ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता के कारण इससे पहले ही सभी लोग क्वारनटाईन कर दिए गए।

काबिलेतारीफ है नेपुरा के ग्रामीणों व दीपनगर पुलिस की समझदारी

डीएम ने कहा कि नेपुरा ग्रामीणों व दीपनगर पुलिस की समझदारी काबिलेतारीफ है। इनके कारण पूरा गांव सुरक्षित रह गया। गांव को सील करने और घर-घर स्क्रीनिंग की प्रक्रिया नहीं करनी पड़ी। वहीं शासन व स्वास्थ महकमा भी अपनी ऊर्जा संक्रमित पाए गए अन्य इलाकों पर केंद्रित रख सका। जिले के तमाम बाशिंदों व पुलिस अफसरों को इस प्रकरण से सीख लेनी चाहिए।

अब तक भेजे गए कुल 2240 सैंपल में 2128 निगेटिव

कोरोना से संदिग्ध लोगों की अब तक जिले से 2240 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजी गई। इसमें 2162 लोगों की रिपोर्ट जिले को उपलब्ध करा दिया गया है। इसमें 2128 निगेटिव आए हैं जबकि 34 पॉजिटिव मामले आए हैं। जबकि 191 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। हालांकि जिले से संदिग्ध लोगों की पहचान कर उसका सैम्पल लगातार भेजने का काम किया जा रहा है। हालांकि रविवार की देर रात प्रभावित इलाका बिहारशरीफ के सकुनत मोहल्ला से 56 संदिग्ध लोगों की अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। इस पर सभी की निगाहें टिकी है। देर शाम 113 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी 78 लोगों की रिपोर्ट पेडिंग है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.