जमीन विवाद को लेकर गोतिया में मारपीट व गोलीबारी, चार गिरफ्तार
बिहारशरीफ: बिहार थाना क्षेत्र के बसवन बिगहा गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और रो
बिहारशरीफ: बिहार थाना क्षेत्र के बसवन बिगहा गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और रोड़ेबाजी हो गई। देखते-देखते एक पक्ष की ओर से गोलीबारी होने लगी। शुक्र रहा कि किसी को गोली नहीं लगी। हालांकि रोड़ेबाजी में आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि रविवार की सुबह सूचना मिली कि बसवन बिगहा गांव में महेश यादव व योगेंद्र यादव के बीच जमीन विवाद को लेकर गोली चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में महेश यादव, योगेंद्र यादव, रौशन यादव व लाल कुमार शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक खोखा भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में गोतिया हैं और जमीन को लेकर दोनों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार को मामला बढ़ गया और गोलीबारी तक हो गई।
झड़प के दौरान हुई रोड़ेबाजी में छह लोगों के जख्मी होने की सूचना मिली है। गिरफ्तार रौशन कुमार रोड़ेबाजी में घायल हुआ है, जिसका इलाज पुलिस ने सदर अस्पताल में कराया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पक्ष लाठी-डंडे व हथियार से लैस थे। दोनों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, उसके बाद मारपीट होने लगी। इसी बीच एक पक्ष ने फायरिग शुरू कर दी। जिससे अफरातफरी मच गई। लोग घरों में दुबक गए। करीब आधे घंटे तक गांव रणक्षेत्र बना रहा। दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गांव में तनाव की स्थिति देखते हुए पुलिस कैम्प कर रही है। थानाध्यक्ष ने कहा है कि इस घटना में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।