विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में दहेज के लिए विवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप, सास गिरफ्तार; पति-ससुर फरार

Published: Fri, 17 Jul 2026 01:58 PM (IST)

करायपरसुराय में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने मृतका ...और पढ़ें

नालंदा में दहेज के लिए विवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप (AI Generated Image)

नालंदा में दहेज के लिए विवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप (AI Generated Image)

HighLights

  1. विवाहिता की दहेज के लिए जहर देकर हत्या का आरोप।

  2. मृतका की मां ने पति, सास, ससुर पर आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने सास को गिरफ्तार किया, अन्य की तलाश जारी।

संवाद सूत्र, करायपरसुराय। करायपरसुराय थाना क्षेत्र के बेरथू गांव में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की जहर देकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति और ससुर की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

मृतका की पहचान पटना जिले के बेलछी थाना क्षेत्र के जगजानपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुरेंद्र प्रसाद की 29 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। उसका विवाह 29 जून 2020 को बेरथू गांव निवासी कृष्णा महतो के पुत्र अमरजीत कुमार के साथ हुआ था।

मृतका की मां रिंकू देवी ने करायपरसुराय थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि विवाह के समय सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज और उपहार दिए गए थे। इसके बावजूद पति अमरजीत कुमार, ससुर कृष्णा महतो और सास सुनीता देवी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित करते थे।

आवेदन के अनुसार, गुरुवार की रात गांव के लोगों ने फोन कर प्रियंका की हत्या किए जाने की सूचना दी। सूचना मिलने पर जब परिजन ससुराल पहुंचे तो प्रियंका का शव घर में पड़ा मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी।

मृतका अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्री और तीन वर्षीय पुत्र को छोड़ गई है। घटना के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 12 बजे पुलिस ने घर से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। मृतका की मां के आवेदन पर पति, सास और ससुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शुक्रवार सुबह आरोपित सास सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।