नालंदा में JDU के पूर्व विधायक के डॉक्टर दामाद को अस्पताल जाने के दौरान गोलियों से भूना
नालंदा में जेडीयू के पूर्व विधायक के डॉक्टर दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वाइक सवार अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
नालंदा, जेएनएन। हरनौत के गोखुलपुर मठ स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में प्रतिनियुक्त डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। डॉक्टर को रहुई के मुस्तफापुर के पास बदमाशों ने सीने में चार गोली मारी। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए। मृतक की पहचान डॉ. प्रियरंजन कुमार प्रियदर्शी के रूप में हुई है।
हत्या के कारणों का नहीं हो सका खुलासा
डॉ. प्रियरंजन कुमार प्रियदर्शी मूलतः नूरसराय प्रखंड के नेसरा गांव के बाशिंदे थे। उनकी मूल पदस्थापना हरनौत के गोनावां एपीएचसी में थी। डॉ प्रियदर्शी पूर्व विधायक जदयू नेता ई. सुनील के भगीन दामाद थे। वारदात के बाद डॉ. प्रियरंजन का शव रहुई थाने लेया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी कर रही। हत्या क्यों की गई? ये अभी साफ नहीं हो सका है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
घर से अस्पताल जाने के दौरान की हत्या
डॉ. प्रियरंजन कुमार प्रियदर्शी हरनौत के गोखुलपुर मठ स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र में प्रतिनियुक्त थे। गुरुवार की सुबह वे अपने घर से बाइक पर सवार होकर अस्पताल जाने के लिए निकले थे। बताया जाता है कि वे जैसे ही रहुई के मुस्तफापुर के पास पहुंचे कि बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। इसके पहले कि डॉ. प्रियरंजन कुछ समझ पाते उनके सीने में ताबड़तोड़ चार गोली मार दी।दिनदहाड़े फायरिंग की आवाज सुनकर अफरा तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। गोली लगने से डॉ. प्रियरंजन की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए। डॉ. प्रियदर्शी पूर्व विधायक व जदयू नेता ई. सुनील के भगीन दामाद थे। घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। डॉक्टर की हत्या के मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।