बिहार: अगवा बैंक मैनेजर का शव झारखंड से बरामद, कोडरमा डैम में फेंका था
पांच दिन पहले अगवा किए गए बैंक मैनेजर जयवर्धन का शव बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है। एसपी ने बताया कि अपहऱण के दिन ही अपराधियों ने उनकी हत्या कर शव को कोडरमा डैम में फेंका था।
पटना [जेएनएन]। नालंदा से 27 सितंबर को बाइक समेत अगवा हुए बैंक मैनेजर जयवर्धन की उसी दिन अपराधियों ने हत्या कर शव को कोडरमा डैम में फेंक दिया था। डैम में शव फेंके जाने के बाद शव बहकर हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र में चला गया था। जिसके बाद एक अक्टूबर को पुलिस ने शव को बरामद किया था। जब पुलिस ने जांच की तो शव अगवा बैंक मैनेजर का निकला।
नालंदा एसपी ने जयवर्धन की हत्या और शव मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि अपहरण के दिन ही जयवर्धन की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है।
शेखपुरा मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक जयवर्धन का 27 अगस्त को शेखपुरा से नालंदा लौटने के क्रम में अपहरण कर लिया गया था। नालंदा के बड़गांव के रहने वाले बैंक मैनेजर घटना वाले दिन शाम को कसार स्थित बैंक शाखा से अपने घर बड़गांव जा रहे थे इसी दौरान बीच रास्ते में अपराधियों ने उन्हें अगवा कर लिया था।
घटना के बाद जानकारी पुलिस को मिली तो तलाश शुरू की गई जिसमें बैंक मैनेजर के मोबाइल का आखिरी लोकेशन शेखपुरा-नालंदा सीमा पर खराट मोड़ मिला लेकिन उनका सुराग नहीं मिल सका था। इस बीच पुलिस को उनका मोबाइल नवादा जिले में मिला था।
परिजन पहले ही बैंक मैनेजर के अपहरण की प्राथमिकी राजगीर थाना में दर्ज करायी थी। जिसके बाद से पुलिस लगातार जयवर्धन को ट्रेस करने में लगी थी और आज उनका शव बरामद होेने से हड़कंप मच गया है।