Corona Virus संक्रमित निकला कानपुर से नालंदा लौटा युवक, बिना जांच कराए गया घर और ससुराल
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से लौटा 30 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमित की संख्या 37 पहुंच गई है।
नालंदा, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से लौटे युवक ने राजगीरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र के करमूबीघा गांव के 30 वर्षीय युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित युवक कानपुर से 28 अप्रैल को लौटने के बाद बिना जांच कराए ही सीधा अपने घर लोदीपुर पंचायत के करमुबीघा गांव चला आया था। बाद में उक्त युवक को शासन व पुलिस ने क्वारंटाइन करवाते हुए उसका ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा था।
नालंदा में 37 पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा
कोरोना जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आने पर शासन द्वारा करमूबीघा गांव निवासी संक्रमित युवक को सदर अस्पताल बिहारशरीफ आइसोलेशन वार्ड तथा उसके परिवार को भी इसी अस्पताल में जांच के लिए रखा है। अब नालंदा में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 37 हो गया है।
घर से ससुराल तक का लगाया चक्कर
बताया जाता है कि करमुबीघा गांव का 30 वर्षीय 28 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से लौटा था। संक्रमित कानपुर की एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। ग्रामीणों के मुताबिक पीड़ित ने गांव लौटने पर बिना जांच कराए ही पूरी रात अपने स्वजनों के साथ बिताई। फिर 29 अप्रैल की सुबह खुदागंज थानाक्षेत्र के सीड़ारी गांव में अपनी ससुराल भी चला गया। बताया जाता है कि वह 30 अप्रैल की सुबह पुनः अपने गांव करमुबीघा पहुंचा। जिसकी सूचना स्थानीय लोगों द्वारा छबिलापुर पुलिस को दी गई। जिसके बाद छबीलापुर थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने युवक को लोदी पंचायत क्षेत्र के स्कूल में बनाए गए क्वारंटाइन ले जाकर उसके ब्लड सैंपल को जांच के लिए भेजा गया।
तलाशे जा रहे संपर्क
इस बाबत राजगीर बीडीओ मिथलेश बिहारी वर्मा ने बताया कि करमुबीघा गांव को सील करने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही संक्रमित के संपर्क भी तलाशे जा रहे हैं। कोरोना पीड़ित युवक के घर के सभी स्वजनों को क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया गया है।