यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सैनिक स्कूल के बच्चों ने घुड़सवारी प्रतियोगिता में भाग ले रचा इतिहास
सैनिक स्कूल नालंदा के चार छात्र-छात्राओं ने घुड़सवारी प्रतियोगिता में भाग लेकर इतिहास रचा है। विद्यालय की कृतिका विश्वास तनु ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, नालंदा : सैनिक स्कूल नालंदा के चार छात्र-छात्राओं ने घुड़सवारी प्रतियोगिता में भाग लेकर इतिहास रचा है। विद्यालय की कृतिका विश्वास, तनु कुमारी, अभिनन्दन राज तथा आयुष कुमार ने क्षेत्रीय स्तर पर उपलब्धि अर्जित करते हुए टालीगंज क्लब ने कोलकाता में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय घुड़सवारी लीग में अपनी धमाकेदार उपस्थिति दर्ज कराई। अपनी दमदार उपस्थिति से विद्यालय के बच्चों ने न केवल नालंदा बल्कि बिहार को गौरवान्वित किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन 20 एवं 21 मार्च 2022 को किया गया। ज्ञात हो कि इन नवोदित घुड़सवारी टीम को प्रसिद्ध घुड़सवार प्रशिक्षक योगेन्द्र सिंह यादव ने प्रशिक्षित किया। जिन्हें भारतीय सशस्त्र बल और पुलिस बलों में अधिकारियों को प्रशिक्षित करने का अनुभव प्राप्त है । अखिल भारतीय स्तर पर सैनिक स्कूलों के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी सैनिक स्कूल की घुड़सवारी टीम ने इस स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया है । इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कर्नल तमोजीत विश्वास ने सभी प्रतिभागी सैन्य छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से न केवल सैनिक स्कूल नालंदा का सम्मान बढ़ा है। बल्कि अन्य बच्चों को इससे प्रेरणा लेने की जरुरत है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'एक राज्य एक खेल' के पहल को व्यवहारिक रूप देने के लिए सैनिक स्कूल सोसाइटी, रक्षा मंत्रालय ने प्रत्येक राज्य के सैनिक स्कूलों को किसी एक खेल में ओलंपिक स्तर के प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करने के लिए आधारभूत संरचना के विकास के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की है । यह उसी दिशा में एक सार्थक कदम है ।
