सिगरेट के धुएं का छल्ला बना मुंह पर उड़ा रहा था युवक, किया मना तो मार दिया चाकू Nalanda News
नालंदा में सिगरेट का धुआं मुंह पर उड़ाने से मना करने पर एक युवक को बदमाशों ने चाकू मार दिया। गंभीर अवस्था में उसे भर्ती कराया गया है।
नालंदा, जेएनएन। नालंदा में सिगरेट का धुआं मुंह पर उड़ाने से मना करना एक युवक को महंगा पड़ गया। बदले में उसे दबंगों ने चाकू मार दिया। गुरुवार की दोपहर हुई वारदात में गले और पेट में वार करने की वजह से गंभीर अवस्था में युवक को रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जख्मी सद्दाम आलम ने बताया कि गुरुवार को वो किसी काम से अस्थावां थाना अंतर्गत बाजार इलाके में गया था। यहां दो युवक सिगरेट पी रहे थे। उन्हीं के बगल में सद्दाम भी खड़ा था। इसी बीच उनमें से एक ने सिगरेट का छल्ला बनाकर उसके चेहरे पर उड़ाना शुरू कर दिया। मना करने पर दोनों मारपीट पर उतर आए।
दोनों ने पहले सद्दाम की जमकर पिटाई कर दी उसके बाद एक ने चाकू निकाला और उसके पेट और गर्दन पर वारकर दिया। जख्मी अवस्था में सद्दाम को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। इधर, थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि वारदात आपसी विवाद के बाद हुई है। मारपीट के बाद चाकू मारा गया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप