बिहारशरीफ में युवक का शव पोल से लटका मिला, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप
नूरसराय के बाराबिगहा गांव में एक शादीशुदा युवक धर्मेंद्र पासवान का शव ट्रांसफार्मर के पोल से लटका मिला। परिजनों ने ...और पढ़ें

बिहारशरीफ में युवक का शव पोल से लटका मिला, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप
HighLights
नूरसराय में युवक का शव ट्रांसफार्मर पोल से लटका मिला।
परिजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। नूरसराय थाना क्षेत्र के बाराबिगहा गांव में सोमवार को ट्रांसफार्मर के पोल के फंदे के सहारे एक शादीशुदा युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतक अरुण पासवान का 32 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र पासवान है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया।
मृतक के स्वजन ने प्रेम प्रसंग में हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए ट्रांसफॉर्मर के पोल से लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
दो साल से प्रेम प्रसंग का आरोप
मृतक के पिता अरुण पासवान ने बताया कि धर्मेंद्र की शादी वर्ष 2014 में हुई थी। उसके दो बेटे हैं। वह चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था और 21 अगस्त को ही गांव लौटा था। परिवार वालों के अनुसार शादीशुदा होने के बावजूद उसका एक युवती से करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
रविवार को वह अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। घर लौटा और दोस्तों के साथ शराब पी। शाम वह दोबारा प्रेमिका से मिलने चला गया। वहां से लौटने के बाद पत्नी और परिवार के लोगों ने उसे फटकार भी लगायी थी।
पिता ने प्रेमिका के स्वजन पर लगाया हत्या का आरोप
पिता का आरोप है कि उसकी प्रेमिका के पिता और उसके स्वजन ने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को चारपहिया वाहन से लाकर गांव के महतो जी के खेत के पास ट्रांसफॉर्मर के पोल पर लटका दिया गया। घटनास्थल के पास बेटे का गमछा भी मिला है।
पैर जमीन से सटा होने पर ग्रामीणों को भी हत्या का शक
परिवार के अन्य सदस्यों ने भी हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे तक उनके साथ था। इसके बाद वह अपने घर चला गया।
मंगलवार सुबह एक किसान ने किसी व्यक्ति के मृत पड़े होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर धर्मेंद्र का शव ट्रांसफॉर्मर के पोल के एंगल से गमछे के सहारे लटका मिला।
शव इस तरह लटका था कि उसका पैर जमीन से सटा हुआ था। इसी वजह से ग्रामीणों को भी घटना संदिग्ध लग रही है।
पुलिस बोली- सभी पहलुओं से जांच जारी
नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा है।
मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
